

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Passengers please note, 14 trains will be cancelled due to Gondia railway work.
रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल अंतर्गत गोंदिया स्टेशन पर प्रस्तावित तकनीकी कार्य के कारण अप्रैल माह में रेल यात्रियों को बड़ी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। रेलवे प्रबंधन ने डिस्मेंटलिंग और बैलेस्टेड ट्रैक में रूपांतरण कार्य के चलते 14 ट्रेनों को पूर्ण रूप से रद्द करने तथा 7 ट्रेनों को उनके गंतव्य से पहले ही समाप्त करने का निर्णय लिया है। यह प्रतिबंध मुख्य रूप से 5 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक प्रभावी रहेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गोंदिया स्टेशन के लाइन नंबर-05 (प्लेटफॉर्म-3) पर स्थित वॉशेबल एप्रन को हटाकर बैलेस्टेड ट्रैक में परिवर्तित किया जाएगा। इस कार्य के लिए लाइन नंबर-05 (अप मेन लाइन) पर लगभग 20 दिनों तक यातायात बंद रहेगा। ब्लॉक कार्य 5 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक किया जाएगा, जिससे कई ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ेगा।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस (18030) 4 अप्रैल से 24 अप्रैल तक तथा लोकमान्य तिलक टर्मिनल-शालीमार एक्सप्रेस (18029) 6 अप्रैल से 26 अप्रैल तक रद्द रहेगी। इसी प्रकार कोरबा-अमृतसर एक्सप्रेस (18237) 5 अप्रैल से 25 अप्रैल तक तथा अमृतसर-बिलासपुर एक्सप्रेस (18238) 7 अप्रैल से 27 अप्रैल तक रद्द रहेगी।
हजरत निजामुद्दीन-रायगढ़ एक्सप्रेस (12410) तथा रायगढ़-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (12409) अप्रैल माह की विभिन्न तिथियों में निरस्त रहेंगी। इसके अलावा लोकमान्य तिलक टर्मिनल-शालीमार एक्सप्रेस (12101), शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस (12102), विशाखापत्तनम-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (12807) और हजरत निजामुद्दीन-विशाखापत्तनम एक्सप्रेस (12808) भी निर्धारित तिथियों में रद्द रहेंगी।
स्थानीय यात्रियों को भी झटका लगा है। बल्लारशाह-गोंदिया मेमू (68815), गोंदिया-बल्लारशाह मेमू (68816), गोंदिया-कटंगी डेमू (78805) तथा कटंगी-गोंदिया डेमू (78806) को 5 अप्रैल से 25 अप्रैल तक निरस्त किया गया है।
इन ट्रेनों का परिचालन आंशिक रूप से प्रभावित
रेलवे ने 7 ट्रेनों को उनके गंतव्य से पहले ही नियंत्रित करने का निर्णय लिया है। गोंदिया-बल्लारशाह, बल्लारशाह-गोंदिया और चांदाफोर्ट-गोंदिया पैसेंजर ट्रेनें 5 अप्रैल से 25 अप्रैल तक हिरदामाली स्टेशन तक ही संचालित होंगी। वहीं बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस (15231) 4 अप्रैल से 25 अप्रैल तक दुर्ग तक ही चलेगी, जबकि गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस (15232) 5 अप्रैल से 26 अप्रैल तक दुर्ग तक सीमित रहेगी।