

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A man in love falls victim to a robbery, losing 39,000 rupees and a gold ring.
सोशल मीडिया पर दोस्ती कर मिलने बुलाने के बाद एक युवक के साथ लूट और मारपीट का मामला सामने आया है। रायगढ़ निवासी युवक का आरोप है कि चांपा में मिलने पहुंचने पर एक युवती और उसके छह साथियों ने उसे चाकू दिखाकर डराया-धमकाया और मारपीट की। इसके बाद फोन-पे के जरिए 39 हजार 600 रुपये मंगवाकर ले लिए। इतना ही नहीं, युवक की उंगली में पहनी सोने की अंगूठी भी छीन ली गई। पीड़ित की शिकायत पर रायगढ़ कोतवाली पुलिस ने युवती समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, शहर के तुर्कापारा निवासी 23 वर्षीय मनीष वर्मा फोटो फ्रेमिंग का काम करता है। कुछ समय पहले स्नैपचैट के माध्यम से उसकी पहचान पीहू उर्फ पूजा नाम की युवती से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी और दोस्ती हो गई। आरोप है कि पीहू पिछले कई दिनों से मनीष को चांपा आकर मिलने के लिए कह रही थी। इसी सिलसिले में 4 नवंबर को मनीष अपने दोस्त अनुज प्रसाद के साथ कार क्रमांक सीजी 13 एआर 5738 से चांपा पहुंचा। वहां मुलाकात के बाद पीहू ने मनीष से उसके दोस्त अनुज को किसी ढाबे में छोड़ने के लिए कहा। इसके बाद तीनों मिशाल ढाबा पहुंचे, जहां मनीष अपने दोस्त को छोड़कर पीहू के साथ मड़वा प्लांट के पास चला गया।
मनीष ने आरोप लगाया है, कि रात करीब 12:20 बजे अचानक छह युवक उसकी कार के पास पहुंचे। उन्होंने चाकू दिखाकर उसे कार से बाहर निकाला और हाथ-मुक्कों और बेल्ट से बेरहमी से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उससे पैसों की भी मांग की। डर के कारण मनीष ने अपने दोस्त के जीजा से फोन-पे के माध्यम से 39,600 रुपये मंगवाए और आरोपियों को दे दिए। इसके बाद भी आरोपियों ने उसे डराकर उसकी पहनी हुई सोने की अंगूठी भी उससे ले ली। मनीष के मुताबिक, इस दौरान पीहू भी मौके पर मौजूद थी और वह बैठकर शराब पी रही थी। बाद में उसे पता चला, कि युवती भी कथित तौर पर इस पूरी घटना में शामिल थी। वारदात के बाद सभी आरोपी स्कूटी और बाइक से मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद मनीष मिशाल ढाबा पहुंचा और अपने दोस्त अनुज को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद रायगढ़ पहुंचकर उसने अपने परिवार को अपने साथ हुई लूट की जानकारी दी और कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्रथम दृष्टया धारा 115(2), 308(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विवेचना में ले लिया है।