

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur mother son found dead gudhiyari chhota ashok nagar suspicious death case
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में किराए के मकान में रहने वाली मां और बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। दोनों के शव मकान के एक कमरे में मिले हैं। महिला का शव कमरे के फर्श पर पड़ा था, जबकि बेटे की लाश बिस्तर पर मिली। बताया जा रहा है कि कमरे का दरवाजा पिछले तीन से चार दिनों से अंदर से बंद था। आसपास के लोगों को जब कमरे से तेज बदबू आने लगी, तब इस घटना का खुलासा हुआ।
घटना गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के छोटा अशोक नगर की है। मृतकों की पहचान जयजी देशमुख (52) और उनके बेटे हंसमुख देशमुख (25) के रूप में हुई है। दोनों पिछले करीब चार साल से दिलीप मंडल के मकान में किराए पर रह रहे थे।
दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई पुलिस
जानकारी के मुताबिक, पिछले तीन से चार दिनों से मां और बेटा अपने कमरे से बाहर नहीं निकले थे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। शुरुआत में आसपास के लोगों को इस बात पर ज्यादा ध्यान नहीं गया, लेकिन जब कमरे से तेज बदबू आने लगी तो उन्हें किसी अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण पुलिसकर्मियों ने उसे तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। मां का शव फर्श पर पड़ा था, जबकि बेटे का शव बिस्तर पर मिला। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
लंबे समय से बीमार था बेटा, चल रहा था इलाज
मकान मालिक दिलीप मंडल से पूछताछ में पता चला कि हंसमुख देशमुख लंबे समय से बीमार था। उसका इलाज भी चल रहा था। हालांकि, मां-बेटे की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
शुरुआती जांच में पुलिस दोनों के आत्महत्या करने की आशंका जता रही है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि दोनों की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई।
FSL टीम ने जुटाए सबूत, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस कमरे में मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या की आशंका समेत सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। दोनों की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।