

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Air hostess robbed in Raipur
राजधानी रायपुर में त्योहारी सीजन के दौरान कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए अपराधियों ने एक बार फिर अपनी सक्रियता का परिचय दिया है। दीवाली की खुशियों के बीच एक एयर होस्टेस को बदमाशों ने निशाना बनाया। दरअसल, इंडिगो एयरलाइंस की एयरहोस्टेस सहेली के साथ स्कूटी पर सवार होकर एक दीवाली समारोह में शामिल होने जा रही थी, तभी रास्ते में बदमाशों ने उसे लूट का शिकार बना लिया। इस घटना के बाद से इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त को लेकर कई तरह के सवाल खड़े होने लगे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना चार नवंबर की रात लगभग 11 बजे घटित हुई। भाठागांव मठपुरैना क्षेत्र की रहने वाली युवती अपनी सहेली आर्या सेन के साथ स्कूटी से वीआइपी रोड की ओर से मुजगहन स्थित इवारा फार्म जा रही थी। जैसे ही वे खिलोरा-सिवनी रोड पर नहरपार के पास पहुंचीं, वैसे ही पीछे से एक अन्य स्कूटी पर सवार होकर दो अज्ञात युवक तेजी से उनके करीब पहुंचे। स्कूटी के पीछे बैठे शातिर बदमाश ने बिना किसी डर के अचानक झपट्टा मारा और युवती के हाथ से उसका कीमती आईफोन 15 छीन लिया। वारदात इतनी तेजी से हुई, कि दोनों युवतियां संभल भी नहीं पाईं।
आपको बता दें, कि इस घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। लूटे गए मोबाइल फोन की कीमत करीब 40 हजार रुपए आंकी गई है। वारदात के तुरंत बाद घबराई हुई युवतियों ने आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, परंतु आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद शुक्रवार को पीड़िता ने अपनी सहेली के साथ मुजगहन थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट की धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।