

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A mass movement will be built against human trafficking and domestic violence, says Chief Minister Vishnu Deo Sai.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करने के लिए सरकार के साथ पूरे समाज को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। इन गंभीर समस्याओं का उन्मूलन केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनजागरूकता और सामूहिक भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है। इन बुराइयों के खिलाफ सामूहिक संकल्प लेकर जनआंदोलन खड़ा करना होगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को राजधानी रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के सभागार में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और भविष्य से जुड़े बेहद संवेदनशील मुद्दे हैं। इनकी रोकथाम के लिए न्यायपालिका, पुलिस, विश्वविद्यालयों, महिला एवं बाल विकास विभाग और सामाजिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने राज्य महिला आयोग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्यशाला में मिले सुझाव महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने में मददगार साबित होंगे।
मानव तस्करी रोकने जागरूकता और सतर्कता जरूरी
मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिले जशपुर का जिक्र करते हुए बताया कि एक समय वहां मानव तस्करी की समस्या गंभीर थी। हालांकि सरकार, पुलिस, महिला आयोग और सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयासों से इस समस्या में कमी आई है। उन्होंने कहा कि कई बार परिचित लोग ही नौकरी और बेहतर भविष्य का लालच देकर बेटियों को तस्करी के जाल में फंसा लेते हैं। ऐसे मामलों को रोकने के लिए परिवारों और समाज को जागरूक एवं सतर्क रहना होगा।
उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि पिछले 30-35 वर्षों से वे जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। सांसद रहते हुए दिल्ली में भी मानव तस्करी के कई मामले सामने आए, जिनमें पहल कर बेटियों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराने में सहयोग किया गया।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश में 42 सखी सेंटर
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में महिलाओं की सहायता के लिए 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। यहां हिंसा से पीड़ित महिलाओं को चिकित्सा सहायता, कानूनी परामर्श और मनोवैज्ञानिक सहयोग सहित जरूरी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इसके अलावा महिला हेल्पलाइन नंबर 181 और आपातकालीन सहायता नंबर 112 के माध्यम से महिलाओं को 24 घंटे सहायता मिल रही है। महिला थानों की संख्या बढ़ाने के साथ पुलिस थानों में महिला हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। छत्तीसगढ़ पुलिस के अभिव्यक्ति ऐप के जरिए महिलाएं अपनी शिकायत दर्ज कराने के साथ सुरक्षा संबंधी जानकारी भी प्राप्त कर सकती हैं।
महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के साथ उनका आर्थिक सशक्तिकरण भी सरकार की प्राथमिकता है। महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 33 किश्तें जारी की जा चुकी हैं और 68 लाख से अधिक महिलाएं इसका लाभ ले रही हैं। योजना के तहत प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपये की सहायता से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है। कई महिलाएं इस राशि का उपयोग छोटे व्यवसाय और स्वरोजगार शुरू करने में भी कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रशिक्षण, आजीविका संवर्धन और स्वरोजगार के अवसरों से महिलाएं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।
कार्यशाला के सुझावों को जमीन पर उतारने की जरूरत
मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए शासन-प्रशासन, पुलिस, न्यायपालिका, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर काम करना होगा। कार्यशाला की सार्थकता तभी होगी, जब यहां मिले सुझावों को धरातल पर उतारकर महिलाओं और बेटियों के लिए सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण तैयार किया जाएगा।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी और दीपिका सोरी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित न्यायपालिका, पुलिस विभाग और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।