

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpeg&w=3840&q=75)
Chhindwara News: Short film ‘Madhuri - And Is Beginning’ by Chhindwara’s Shahid Khan receives international recognition, winning the first prize at the Dadasaheb Phalke Film Festival.
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के फिल्म निर्माता एवं निर्देशक शाहिद खान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी शॉर्ट फिल्म ‘माधुरी- एंड इज़ बिगिनिंग’ को दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स 2026 में सर्वश्रेष्ठ शॉर्ट फिल्म का प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया है। इस उपलब्धि के साथ फिल्म के लिए एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि की भी घोषणा की गई है।
दादासाहेब फाल्के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल अवॉर्ड्स 2026 की साझा की गई विजेता सूची में शाहिद खान की फिल्म ने सर्वश्रेष्ठ शॉर्ट फिल्म की श्रेणी में पहला स्थान हासिल किया। वहीं, टाइगर श्रॉफ अभिनीत राहुल शेट्टी की फिल्म ‘Jahaan- The Last Gift’ को प्रथम रनर-अप घोषित किया गया। देश-विदेश की चर्चित फिल्मी हस्तियों के बीच इस उपलब्धि ने शाहिद खान के फिल्मी सफर को नई पहचान दी है।

फेस्टिवल की साझा की गई विजेता सूची में बॉलीवुड और भारतीय सिनेमा की कई बड़ी हस्तियों के नाम भी शामिल हैं। फिल्म ‘धुरंधर’ के लिए रणवीर सिंह को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और अक्षय खन्ना को सर्वश्रेष्ठ नकारात्मक भूमिका का सम्मान दिया गया। वहीं, ‘कांतारा: चैप्टर 1’ के लिए ऋषभ शेट्टी को क्रिटिक्स सर्वश्रेष्ठ अभिनेता की श्रेणी में सम्मानित किया गया। सूची में कमल हासन, आर्यन खान, आदित्य धर, जेम्स कैमरून और टेलर स्विफ्ट जैसे नाम भी शामिल हैं।
शाहिद खान की पुरस्कार विजेता शॉर्ट फिल्म ‘माधुरी- एंड इज़ बिगिनिंग’ एक ऐसी गरीब बच्ची की प्रेरणादायक कहानी है, जो सड़क पर भीख मांगकर अपना जीवन गुजारती है। कठिन परिस्थितियों और आर्थिक अभाव के बावजूद वह अपने सपनों को जिंदा रखती है और अपनी प्रतिभा एवं मेहनत के दम पर एक रियलिटी शो तक पहुंचने का सफर तय करती है।
फिल्म में समाज के वंचित बच्चों की छिपी प्रतिभा, आत्मसम्मान, संघर्ष और उम्मीद को बेहद संवेदनशील तरीके से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म का उद्देश्य यह संदेश देना है कि प्रतिभा किसी आर्थिक या सामाजिक परिस्थिति की मोहताज नहीं होती।

‘माधुरी- एंड इज़ बिगिनिंग’ Disney+ Hotstar पर भी रिलीज हो चुकी है। फिल्म निर्माण टीम के अनुसार, इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म की टॉप तीन फिल्मों में जगह मिली थी। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिली सफलता के बाद अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में प्रथम पुरस्कार हासिल करना फिल्म की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण कड़ी है।
शाहिद खान इससे पहले अपनी चर्चित वेब सीरीज ‘सरपंच साहब’ के जरिए भी दर्शकों के बीच पहचान बना चुके हैं। निर्माण टीम के अनुसार, यह सीरीज भारत सरकार के ओटीटी प्लेटफॉर्म WAVES पर लगातार लगभग 100 दिनों तक नंबर वन स्थान पर रही। इस सफलता ने उन्हें एक स्वतंत्र निर्माता एवं निर्देशक के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान पर खुशी जाहिर करते हुए शाहिद खान ने फेस्टिवल के सम्मानित जूरी सदस्यों, आयोजकों और पूरी आयोजन टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठित मंच पर सर्वश्रेष्ठ शॉर्ट फिल्म का प्रथम पुरस्कार मिलना उनके लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपनी पूरी फिल्म टीम की मेहनत, विश्वास और समर्पण को देते हुए कहा कि एक छोटे से गांव से शुरू हुआ उनका फिल्म निर्माण का सफर आज अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा है। यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर, प्रेरणादायक तथा सार्थक सिनेमा बनाने के लिए प्रोत्साहित करेगा।