

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Why is an additional security deposit being collected from electricity consumers? Power company explains the reason
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं से ली जाने वाली अतिरिक्त सुरक्षा निधि (डिपॉजिट मनी) को लेकर स्टेट पावर कंपनी ने स्थिति स्पष्ट की है। कंपनी के मुताबिक, अतिरिक्त सुरक्षा निधि लेने का नियम नया नहीं है, बल्कि अविभाजित मध्यप्रदेश विद्युत मंडल के समय से लागू है। यह राशि बिजली बिल नहीं, बल्कि उपभोक्ताओं की जमानत राशि होती है। इस पर हर साल ब्याज भी दिया जाता है।
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग के प्रावधानों के तहत हर साल अक्टूबर महीने में अतिरिक्त सुरक्षा निधि की गणना की जाती है। इसके लिए उपभोक्ताओं की पिछले 12 महीने की बिजली खपत को आधार बनाया जाता है। नियम के अनुसार, उपभोक्ताओं को 60 दिनों की औसत बिजली खपत के बिल के बराबर सुरक्षा निधि जमा रखनी होती है। यदि पहले से जमा राशि निर्धारित सीमा से कम होती है, तभी अतिरिक्त राशि की मांग की जाती है।
प्रदेश के केवल 9 प्रतिशत उपभोक्ताओं से वसूली
पावर कंपनी के अनुसार, प्रदेश में कुल 67.57 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से इस साल केवल 6 लाख 18 हजार उपभोक्ताओं से अतिरिक्त सुरक्षा निधि जमा कराई जा रही है। यानी 91 प्रतिशत से अधिक उपभोक्ताओं पर इस साल अतिरिक्त सुरक्षा निधि जमा करने की जरूरत नहीं पड़ी है।
188 करोड़ रुपये ब्याज के रूप में दिए गए
कंपनी ने बताया कि सुरक्षा निधि पर उपभोक्ताओं को ब्याज भी दिया जाता है। इस साल 5.75 प्रतिशत की दर से कुल 188.53 करोड़ रुपये का ब्याज उपभोक्ताओं के बिजली बिल में समायोजित किया गया। यह राशि मई महीने के बिल में दी गई थी। कंपनी का दावा है कि सुरक्षा निधि पर मिलने वाला ब्याज बैंक के सामान्य बचत खाते की दर से भी अधिक है।
यदि किसी उपभोक्ता की बिजली खपत कम हो जाती है और उसकी जमा सुरक्षा निधि निर्धारित राशि से अधिक हो जाती है, तो अतिरिक्त राशि बिजली बिल में समायोजित कर वापस की जाती है। वहीं, कनेक्शन स्थायी रूप से बंद कराने पर बकाया बिल का हिसाब करने के बाद सुरक्षा निधि उपभोक्ता को लौटा दी जाती है।
आखिर क्यों जरूरी है सुरक्षा निधि?
पावर कंपनी के मुताबिक, किसी महीने की बिजली खपत का बिल अगले महीने जारी किया जाता है। इसके बाद उपभोक्ताओं को बिल जमा करने के लिए 15 दिन का अतिरिक्त समय मिलता है। इस पूरी प्रक्रिया में करीब दो महीने का समय लग जाता है। इसी अवधि को ध्यान में रखते हुए नियामक आयोग ने 60 दिनों की औसत बिजली खपत के बराबर सुरक्षा निधि जमा रखने का प्रावधान किया है।
किस्तों में जमा करने की भी सुविधा
अतिरिक्त सुरक्षा निधि की पूरी राशि एक साथ जमा करने में परेशानी होने पर उपभोक्ता किस्तों में भी भुगतान कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने संबंधित वितरण केंद्र में आवेदन करना होगा। वहीं, उच्चदाब उपभोक्ताओं के अनुरोध पर संबंधित क्षेत्रीय मुख्य अभियंता किस्तों में राशि जमा करने की सुविधा प्रदान कर सकते हैं।
पावर कंपनी ने स्पष्ट किया है कि अतिरिक्त सुरक्षा निधि बिजली खपत का शुल्क नहीं, बल्कि उपभोक्ता की जमा जमानत राशि है, जिस पर नियमानुसार ब्याज दिया जाता है।