

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: CM Vishnu Deo Sai to visit Durg; will unveil 362 development projects worth Rs 402 crore; NSUI to stage a black-flag protest.
दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दुर्ग जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे भिलाई, रिसाली और भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्रों सहित जिले के विभिन्न नगरीय निकायों में 402 करोड़ 12 लाख रुपए से अधिक की लागत के 362 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इनमें 39 पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण और 323 नए विकास कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। वहीं, NSUI ने मुख्यमंत्री के दौरे का विरोध करने और उन्हें काले झंडे दिखाने का ऐलान किया है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के तहत जिले में कुल 40,212.70 लाख रुपए की लागत के 362 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। इनमें 11,858.75 लाख रुपए की लागत के 39 कार्य पूरे हो चुके हैं, जिनका लोकार्पण किया जाएगा। वहीं, 28,353.95 लाख रुपए की लागत के 323 नए कार्यों का भूमिपूजन कर निर्माण कार्यों की शुरुआत की जाएगी।
विकास कार्यों में सबसे अधिक हिस्सेदारी भिलाई नगर निगम क्षेत्र की है। यहां 1,341.35 लाख रुपए की लागत के 23 कार्यों का लोकार्पण और 5,495.73 लाख रुपए के 182 कार्यों का भूमिपूजन होगा। इसी तरह भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र में 6,516.75 लाख रुपए के 11 कार्यों का लोकार्पण और 4,114.581 लाख रुपए के 97 कार्यों का भूमिपूजन प्रस्तावित है।
रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 3,956.34 लाख रुपए के 2 कार्यों का लोकार्पण और 2,955.20 लाख रुपए के 22 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। वहीं, अहिवारा नगर पालिका में 44.31 लाख रुपए के 3 कार्यों का लोकार्पण और 2,156.41 लाख रुपए के 7 कार्यों का भूमिपूजन होगा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सड़क, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग के 12,170.03 लाख रुपए की लागत के 6 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 469.19 लाख रुपए के 6 कार्य शुरू होंगे।
कृषि विपणन मंडी बोर्ड का 674.17 लाख रुपए का एक कार्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का 247.23 लाख रुपए का एक कार्य और गृह निर्माण एवं विकास से जुड़ा 71.41 लाख रुपए का एक कार्य भी इस सूची में शामिल है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दौरे के बीच राजनीतिक विरोध भी देखने को मिल सकता है। NSUI ने उनके आगमन पर विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। प्रदेश महासचिव आकाश कनौजिया के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ता खुर्सीपार चौक पर मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाएंगे।
आकाश कनौजिया ने कहा है कि विकास के झूठे दावों का जवाब काले झंडों से दिया जाएगा। संगठन के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के आगमन पर विरोध दर्ज कराने की तैयारी की है।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सोमवार को कलेक्टर अभिजीत सिंह, दुर्ग एसएसपी और नगर निगम के अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और जरूरी इंतजामों की समीक्षा की, ताकि मुख्यमंत्री का दौरा व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।