

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG Weather Update: Rain spell ends in Chhattisgarh; temperatures to drop, with mercury set to fall by up to 4 degrees in northern regions.
रायपुर। बंगाल की खाड़ी से आए चक्रवात ‘अकवान’ का असर कमजोर पड़ने के साथ ही छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर लगभग थम गया है। प्रदेश में अब मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदलने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे सरगुजा संभाग समेत उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव होने के आसार नहीं हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई। हालांकि, अब बारिश की गतिविधियां काफी कमजोर पड़ चुकी हैं। सोमवार को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान भी जगदलपुर में 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है।
राजधानी रायपुर में 24 नवंबर को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, शहर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। फिलहाल राजधानी में मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
23 नवंबर को प्रदेश के अलग-अलग जिलों में न्यूनतम तापमान 16.6 से 20.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। गरियाबंद में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रायपुर में 20.4, बालोद और बलरामपुर में 20.1, बिलासपुर में 20, कोरबा में 19.8, राजनांदगांव और सूरजपुर में 19.5, कबीरधाम में 19.3, पेमेतरा में 19, मुंगेली में 18.6 और दुर्ग में 18.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
वहीं, सक्ती और सरगुजा में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 17.8 डिग्री और बस्तर में सबसे कम 16.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम प्रणाली मौजूद नहीं है। ऐसे में बारिश की संभावना कम है और अगले 24 घंटे मौसम शुष्क बना रह सकता है। आगामी तीन दिनों में उत्तरी छत्तीसगढ़ के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है। इससे इन इलाकों में ठंड बढ़ेगी। हालांकि, मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।