

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Deputy CM Sao met with 150 youths from 6 states at the ‘Vande Mataram Camp’, stating that the responsibility of building a ‘Developed India’ (Viksit Bharat) by 2047 rests on the shoulders of the younger generation.
रायपुर। छत्तीसगढ़ भ्रमण पर आए छह राज्यों के 150 युवाओं से उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मुलाकात की। भारत सरकार के ‘वंदे मातरम शिविर’ के तहत त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से आए युवाओं ने सात दिवसीय प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक विरासत और विकास को करीब से जाना। प्रवास के अंतिम दिन युवाओं ने नवा रायपुर स्थित उप मुख्यमंत्री के निवास कार्यालय में उनसे मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए।
इस दौरान खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और उसके नेतृत्व की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी के कंधों पर होगी। देश के युवाओं में वह योग्यता, क्षमता और आत्मविश्वास है, जिससे भारत को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से देश की संस्कृति, सभ्यता और गौरव के प्रति सम्मान रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि सात दिनों के ‘वंदे मातरम शिविर’ से युवा केवल अनुभव लेकर नहीं, बल्कि जीवनभर काम आने वाली अनमोल पूंजी लेकर लौट रहे हैं। यहां मिले अनुभव उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करने की ताकत और आत्मविश्वास देंगे।
उन्होंने कहा कि सात दिनों में युवाओं ने केवल 200 दोस्त नहीं बनाए, बल्कि देशभर में 200 नए परिवारों से रिश्ते जोड़े हैं। यही आत्मीयता, स्नेह और आपसी जुड़ाव भारत की वास्तविक ताकत है।
साव ने कहा कि भारत की विशेषता विविधता में एकता है। देश में हर 20-25 किलोमीटर पर भाषा, खानपान और वेशभूषा बदल जाती है, लेकिन इन विविधताओं के बावजूद सभी भारतीय एक हैं। भाषा और भूगोल कभी देश की एकता की सीमा नहीं रहे। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करना ही वंदे मातरम शिविर का मूल उद्देश्य है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को पूरा करने की सबसे बड़ी ताकत आज का युवा है। यदि युवा एकजुट होकर देश का गौरव बढ़ाने के लिए काम करें, तो भारत को विश्व गुरु बनने से कोई नहीं रोक सकता।
उन्होंने नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ देश की संस्कृति, सभ्यता, संस्कार, अध्यात्म और परंपराओं का ज्ञान भी होना जरूरी है। देश की समृद्ध विरासत और आधुनिक पीढ़ी की प्रतिभा मिलकर भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकती है।
युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए साव ने कहा कि जीवन में चुनौतियां हर कदम पर आती हैं। सफलता उसी को मिलती है, जिसमें आत्मविश्वास, धैर्य और विपरीत परिस्थितियों से मुकाबला करने का साहस हो। निराशा और कठिनाइयों से घबराने के बजाय संघर्ष कर आगे बढ़ने वाला व्यक्ति ही सफल होता है। उन्होंने युवाओं से शिविर से मिली ऊर्जा, उत्साह और वंदे मातरम की भावना को जीवनभर बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat) के राज्य समन्वयक अर्पित तिवारी भी मौजूद थे।
मेरा युवा भारत, रायपुर द्वारा 17 से 23 नवंबर तक आयोजित सात दिवसीय ‘वंदे मातरम शिविर’ में छह राज्यों के कुल 150 युवाओं ने भाग लिया। शिविर का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता, सामाजिक सेवा भावना और आधुनिक जीवन कौशल विकसित करने के साथ डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाना था।
सप्ताहभर के प्रवास के दौरान युवाओं ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। इसके अलावा सिरपुर, नवा रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांकन और विधानसभा का भ्रमण किया। इन स्थलों के माध्यम से युवाओं ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक विरासत और विकास को करीब से जाना।
शिविर के दौरान युवाओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से एक-दूसरे के राज्यों की परंपराओं और संस्कृति को समझा। रायपुर स्थित ‘सियान गुड़ी’ वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह का भ्रमण कर बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ समय बिताया। डिजिटल साक्षरता, साइबर अपराध और उद्यमिता पर आयोजित संवादात्मक सत्रों में भी भाग लिया।
छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान युवाओं को जेठौनी तिहार (तुलसी विवाह) की झलक देखने का अवसर मिला। इसके साथ ही रंगोली प्रतियोगिता, विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खाद्य महोत्सव के जरिए उन्होंने देश की विविध संस्कृतियों, परंपराओं और खानपान को जाना-समझा।