

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Patwaris' strike called off after 40 days; revenue-related work to resume in tehsils.
रायपुर। प्रदेश में 13 अक्टूबर से जारी पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल रविवार को स्थगित हो गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ हुई चर्चा के बाद पटवारी संघ ने आंदोलन रोककर काम पर लौटने पर सहमति जताई। मुख्यमंत्री ने वेतन विसंगति और पदोन्नति से जुड़ी मांगों के परीक्षण के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हड़ताल के दौरान पटवारियों पर हुई प्रशासनिक कार्रवाई के मामले में सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा भी दिया है।हड़ताल खत्म होने से तहसीलों में लंबे समय से प्रभावित राजस्व कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। जमीन का नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, गिरदावरी और आय, जाति व निवास प्रमाणपत्रों के लिए जरूरी पटवारी प्रतिवेदन जैसे काम फिर शुरू हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री निवास में हुई बैठक में पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों और हड़ताल के दौरान कर्मचारियों को हुई परेशानियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। सीएम साय ने कहा कि कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान बातचीत और आपसी सहमति से किया जाना चाहिए।बैठक में वेतन विसंगति और पदोन्नति से संबंधित मामलों की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति बनाने पर सहमति बनी। समिति इन मुद्दों के विभिन्न पहलुओं का परीक्षण कर समाधान के लिए अपनी अनुशंसा देगी।पटवारी संघ ने निलंबन, तबादले, नोटिस और ब्रेक इन सर्विस जैसी कार्रवाइयों को वापस लेने की मांग भी रखी। हड़ताल की अवधि का नियमित वेतन देने का मुद्दा भी उठाया गया। हालांकि इन कार्रवाइयों को निरस्त करने और वेतन भुगतान पर अभी कोई अंतिम निर्णय नही हुआ है।मुख्यमंत्री ने पटवारियों से किसानों की फसल क्षतिपूर्ति से जुड़े काम प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा, ताकि प्रभावित किसानों को राहत मिलने में देरी न हो। इसके बाद संघ ने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की।
हड़ताल के दौरान प्रशासन ने प्रदेशभर में पटवारियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप समेत 200 से अधिक पदाधिकारियों को अलग-अलग जिलों में निलंबित किया गया। वहीं, प्रदेश के पांच हजार से अधिक पटवारियों में से दो हजार से ज्यादा के खिलाफ ब्रेक इन सर्विस के आदेश जारी किए गए। इनमें अधिकांश आदेश एसडीएम कार्यालयों से निकाले गए थे।कार्रवाई से बचे पटवारियों को भी नोटिस जारी किए गए। इन कदमों के बाद कर्मचारी और सरकार के बीच टकराव बढ़ गया था। अब आंदोलन स्थगित होने के बाद इन मामलों पर सरकार के अगले कदम का इंतजार है।
पटवारियों की हड़ताल का असर आम लोगों और किसानों पर बड़े पैमाने पर पड़ा। प्रदेश के राजस्व न्यायालयों में करीब 1.15 लाख प्रकरण लंबित हो गए। इनमें जमीन का नामांतरण, वारिसान दर्ज कराने, सीमांकन और बंटवारे से जुड़े मामले शामिल हैं।रायपुर जिले में भी 5,492 राजस्व प्रकरण लंबित बताए गए हैं। इनमें 4,055 मामलों में अगली पेशी की तारीख या आदेशपत्र तक अपडेट नही हो सका। चालू राजस्व वर्ष में जिले में 5,394 नए मामले दर्ज हुए, जबकि पुराने 4,573 प्रकरण पहले से लंबित थे। इस तरह कुल 9,967 मामलों में से 4,370 का ही निराकरण हो पाया था।हड़ताल के चलते पटवारी प्रतिवेदन तैयार करने और मौके पर जाकर जांच करने का काम भी प्रभावित हुआ। इससे जमीन मालिकों, किसानों और प्रमाणपत्र बनवाने वाले लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़े।
राजस्व संबंधी कामकाज ठप होने से धान खरीदी के दौरान भी प्रशासनिक दिक्कतें बढ़ीं। फसल गिरदावरी, क्षति सर्वे और किसानों से जुड़े कई जरूरी काम प्रभावित हुए। इसके अलावा आय, जाति और निवास प्रमाणपत्रों के लिए जरूरी प्रतिवेदन भी समय पर तैयार नही हो सके।पटवारियों के काम पर लौटने से अब इन लंबित मामलों के निराकरण की प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद है। हालांकि, कामकाज सामान्य होने के साथ निलंबन, ब्रेक इन सर्विस और हड़ताल अवधि के वेतन जैसे मुद्दों पर सरकार और संघ के बीच आगे की बातचीत भी अहम होगी।
पटवारी संघ ने वेतन और पदोन्नति के अलावा पीवी एप में मौजूद तकनीकी और व्यावहारिक समस्याओं को दूर करने की मांग भी उठाई। संघ का कहना है कि एप के उपयोग में आ रही दिक्कतों के कारण मैदानी कामकाज प्रभावित होता है। इसके साथ ही पदोन्नति के लंबित मामलों पर निर्णय लेने और वेतन विसंगति का निराकरण करने की मांग रखी गई।अब उच्चस्तरीय समिति की अनुशंसाओं और प्रशासनिक कार्रवाई पर सरकार के फैसले से तय होगा कि पटवारियों की बाकी मांगों का समाधान किस दिशा में आगे बढ़ता है। फिलहाल आंदोलन स्थगित होने से आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है।