

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

GST officer Anchala Giri, caught accepting a bribe of 1.5 lakh rupees, has been suspended and will have to spend the night in jail.
रायपुर। कांकेर में डेढ़ लाख रुपये की कथित रिश्वत लेते गिरफ्तार राज्य कर सहायक आयुक्त अंचला गिरी की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई के बाद अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया। इस मामले में गिरफ्तार चार्टर्ड अकाउंटेंट इमरान मेमन को भी अदालत से राहत नही मिली और उसे भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उधर, राज्य कर विभाग ने अंचला गिरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।इस कार्रवाई के बाद छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की वर्ष 2021 की भर्ती परीक्षा एक बार फिर चर्चा में आ गई है। अंचला गिरी ने इस परीक्षा में 21वीं रैंक हासिल की थी। उस समय आयोग के अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी थे, जो भर्ती घोटाले के आरोपों में पहले से जेल में बंद हैं। हालांकि, अंचला गिरी के चयन में किसी तरह की गड़बड़ी सामने आने या उनकी भूमिका की पुष्टि होने की जानकारी फिलहाल उपलब्ध नही है।
ACB के अनुसार, कांकेर में स्क्रैप कारोबारी शोएब रंगरेज ने शिकायत की थी कि कबाड़ से भरे वाहन को छोड़ने के बदले अंचला गिरी ने दो लाख रुपये की मांग की है। शिकायत के सत्यापन के बाद शनिवार को ACB की टीम ने जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान अधिकारी को कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये लेते पकड़ा गया।बताया गया है कि घर पर हुई कार्रवाई के दौरान अंचला गिरी ने रिश्वत की रकम के नोटों के बंडल नाली में फेंक दिए थे। हालांकि, ACB ने नकदी बरामद कर ली। इस मामले में अधिकारी के साथ CA इमरान मेमन को भी गिरफ्तार किया गया।
अंचला गिरी का नाम सामने आने के बाद CGPSC भर्ती परीक्षा-2021 को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। परीक्षा में 21वीं रैंक पाने के बाद वर्ष 2024 में प्रशिक्षण पूरा कर उन्होंने लेखा अधिकारी के रूप में काम शुरू किया था। इसी साल उन्हें पदोन्नति देकर राज्य कर सहायक आयुक्त बनाया गया।उस समय CGPSC के अध्यक्ष रहे टामन सिंह सोनवानी भर्ती घोटाले के आरोपों में जेल में हैं। हालांकि, केवल परीक्षा में चयन और तत्कालीन अध्यक्ष के कार्यकाल के आधार पर अंचला गिरी के चयन को संदिग्ध नही माना जा सकता। उनके खिलाफ भर्ती प्रक्रिया में अनियमितता का कोई पुष्ट प्रमाण सामने आने की जानकारी भी फिलहाल नही है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, रायपुर में पदस्थापना के दौरान भी अंचला गिरी के खिलाफ लेनदेन से जुड़ी शिकायतें हुई थीं। ये शिकायतें मंत्री और विभागीय आयुक्त तक पहुंचने की बात कही जा रही है। उस समय समझाइश देकर मामला शांत करा दिया गया था।कुछ महीने पहले उनका रायपुर से कांकेर तबादला हुआ था। अब रिश्वत मामले के सामने आने के बाद पुराने आरोपों और शिकायतों की भी चर्चा होने लगी है।
सूत्रों के मुताबिक, अंचला गिरी पर निर्धारित अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर वाहनों की जांच करने का आरोप भी लगा है। जगदलपुर डिवीजन में ई-वे बिल की जांच के लिए अलग टीम गठित है। इसमें डिप्टी कमिश्नर शंकर सिंह जानसन, एसटीओ रिपुदमन चंद्रा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल बताए गए हैं।ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब अंचला गिरी इस टीम का हिस्सा नही थीं, तो वे वाहनों की जांच करने कैसे पहुंचीं? उनकी गतिविधियों की जानकारी संबंधित टीम और वरिष्ठ अधिकारियों तक कैसे नही पहुंची? इन सवालों का जवाब विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
रिश्वत मामले में गिरफ्तारी के बाद राज्य कर विभाग ने अंचला गिरी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है। नवा रायपुर स्थित राज्य कर आयुक्त कार्यालय से इस संबंध में आदेश जारी किया गया।विभागीय आदेश में कहा गया है कि शासकीय सेवक द्वारा अपने पद के दायित्वों का निर्वहन करते समय रिश्वत मांगना या स्वीकार करना गंभीर कदाचरण की श्रेणी में आता है। इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। अब आपराधिक प्रकरण के साथ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी।