

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Uproar over a prayer meeting at a police constable's house in Mahasamund; situation intensifies amid allegations of religious conversion.
महासमुंद। जिले में पदस्थ पुलिस आरक्षक दीपक साहू और उनके सेवानिवृत्त पिता हृदयराम साहू पर मतांतरण से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप लगे हैं। रविवार को नगर के मोहारीभाठा स्थित उनके निजी आवास में आयोजित प्रार्थना सभा को लेकर विवाद खड़ा हो गया। सूचना मिलने पर विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधि और स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में सभा का विरोध किया गया।मामले को लेकर हिंदू संगठन के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी है। इसमें आरक्षक और उनके पिता की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर विभागीय और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
शिकायत में बताया गया है कि दीपक साहू महासमुंद पुलिस विभाग में आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं, जबकि उनके पिता हृदयराम साहू भी पुलिस आरक्षक रह चुके हैं और सेवानिवृत्त हो चुके हैं। हिंदू संगठन का आरोप है कि दोनों अपने निजी आवास को केंद्र बनाकर आसपास के करीब 40 किलोमीटर के क्षेत्र में स्थित गांवों में मतांतरण संबंधी गतिविधियां संचालित कर रहे हैं।शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि ग्रामीणों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आर्थिक मदद तथा अन्य तरह के प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जाता है। इसके अलावा घर में रखी हिंदू देवी-देवताओं की मूर्तियां, तस्वीरें, पूजन सामग्री और तुलसी चौरा नाली में फेंकने का आरोप भी लगाया गया है।
संगठन की शिकायत के मुताबिक, संबंधित निजी आवास में प्रत्येक रविवार सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रार्थना सभा आयोजित की जाती है। इसमें स्थानीय लोगों के साथ दूसरे क्षेत्रों से आने वाले करीब 200 लोगों के शामिल होने का दावा किया गया है। रविवार को इसी सभा के आयोजन को लेकर मोहारीभाठा में विरोध की स्थिति बनी।
इससे पहले दिवाली की शाम समता एक्सप्रेस से करीब 150 लोगों के दिल्ली रवाना होने को लेकर भी सर्व हिंदू समाज ने आपत्ति जताई थी। संगठन के सदस्यों ने यात्रियों को रोककर पूछताछ की थी और इस संबंध में सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उस शिकायत में भी दीपक साहू और हिच्छाराम साहू के नाम सामने आने की बात कही गई थी।फिलहाल आरक्षक और उनके पिता पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। शिकायत के आधार पर पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।