

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raipur-pradeep-gaur-controversial-statement-jai-shri-ram
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की कार्यकर्ता कार्यशाला के दौरान संगठन के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री प्रदीप गौर के एक बयान से विवाद खड़ा हो गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ‘जय श्रीराम’ के नारे इतनी जोर से लगाए जाएं कि जिस महिला के गर्भ में आतंकवादी पल रहा हो, उसका गर्भपात हो जाए। उनके इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद चर्चा तेज हो गई है।
दरअसल, सोमवार को विमतारा भवन में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद की कार्यकर्ता कार्यशाला आयोजित की गई थी। इसमें संगठन के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और युवा शामिल हुए।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदीप गौर ने भगवान हनुमान के लंका पहुंचने का प्रसंग सुनाया। उन्होंने दावा किया कि जब हनुमान जी लंका पहुंचे थे, तब उनके ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से राक्षसनियों के गर्भ में पल रहे बच्चों का गर्भपात हो गया था। इसी प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी इतनी जोर से जय श्रीराम के नारे लगाने की अपील की कि आतंकवादी के गर्भ में पल रहे बच्चे का गर्भपात हो जाए। इस दौरान उन्होंने मौजूद कार्यकर्ताओं से नारे भी लगवाए।
चार दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं प्रवीण तोगड़िया
अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के संस्थापक डॉ. प्रवीण तोगड़िया 23 नवंबर से चार दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन उन्होंने रायपुर जिला कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में हाल ही में शुरू की गई हिंदू हेल्पलाइन और हनुमान चालीसा केंद्रों की गतिविधियों की समीक्षा की गई।
हिंदू समाज को संगठित करने का दिलाया संकल्प
कार्यक्रम में प्रवीण तोगड़िया ने संगठन को मजबूत करने और घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों को हिंदू समाज को सुरक्षित, समृद्ध और संगठित बनाने की शपथ भी दिलाई।
शपथ में हिंदू समाज के ऐतिहासिक संघर्ष, अत्याचार, हिंसा, लूट और विस्थापन का जिक्र करते हुए कश्मीर से हिंदुओं के पलायन का उदाहरण दिया गया। साथ ही देश के हर गांव, शहर और गली-मोहल्ले के हिंदू परिवारों को संगठन से जोड़ने का संकल्प लिया गया।
तोगड़िया ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल लोगों को जोड़ना नहीं, बल्कि हर हिंदू परिवार के सुख-दुख में सहभागी बनना और जरूरत के समय सहयोग करना है। उन्होंने ऐसे समाज के निर्माण की बात कही, जहां हर परिवार को सम्मान मिले, युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें और परिवार खुशहाल व रोगमुक्त हों।
इसके अलावा हर मंगलवार और शनिवार को परिवार एवं समाज के लोगों के साथ सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ करने का संकल्प भी दिलाया गया।