

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Range Cyber Crime Police Station, built at a cost of ₹35 lakh in Durg, inaugurated by CM Sai; ‘Sankalp Abhiyan’ launched for de-addiction.
दुर्ग। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में दुर्ग पुलिस को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को भिलाई के सेक्टर-6 स्थित महिला थाना के समीप लगभग 35 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने रुआबांधा पुलिस चौकी का भी उद्घाटन किया। साथ ही दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ का पोस्टर विमोचन कर अभियान की शुरुआत की।
नवनिर्मित रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन दुर्ग रेंज के तीन जिलों दुर्ग, बालोद और बेमेतरा के क्षेत्राधिकार में काम करेगा। यहां ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया से जुड़े अपराध और अन्य तकनीक आधारित अपराधों की शिकायतों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा जटिल साइबर अपराधों की विवेचना और डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण भी किया जाएगा।
नए साइबर थाने के माध्यम से पीड़ितों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लोकार्पण के बाद भवन का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया और विजिटर बुक में शुभकामना संदेश भी दर्ज किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रुआबांधा पुलिस चौकी का भी उद्घाटन किया। नई पुलिस चौकी शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी मजबूत होगी। इससे स्थानीय नागरिकों को पुलिस सेवाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दुर्ग पुलिस के ‘संकल्प अभियान–नशा मुक्ति’ का पोस्टर जारी कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत नशे की समस्या से निपटने के लिए तीन स्तरों पर कार्ययोजना तैयार की गई है।
जागरूकता एवं रोकथाम: गांवों, वार्डों, शिक्षण संस्थानों और परिवारों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जाएगा।
पुलिस कार्रवाई: मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उपचार एवं पुनर्वास: नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास की सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए जिला प्रशासन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों की सहायता और सूचना के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। साइबर ठगी और नशे के अवैध कारोबार से संबंधित जानकारी इन नंबरों पर दी जा सकती है।
मानस हेल्पलाइन: 1933
एएनटीएफ दुर्ग हेल्पलाइन: 94791-5151
साइबर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत: 1930
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर संपर्क करें। इसके साथ ही नशे के अवैध कारोबार की सूचना देने और नशे की समस्या से प्रभावित लोगों को उपचार एवं पुनर्वास के लिए प्रेरित करने की अपील की गई है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग सांसद विजय बघेल, ललित चंद्राकर, राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रिकेश सेन, वैशाली नगर विधायक, कमिश्नर सत्यनारायण राठौर, दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य, जिला दंडाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग सहित वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।