

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Troubles mount for notorious conman Deepak Tandon and his wife Barkha; they have been remanded to police custody until tomorrow. Alcohol, cigarettes, and documents were seized from a hotel spa center.
रायपुर। ठगी के कई मामलों में गिरफ्तार दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन और उसकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। दोनों से पूछताछ के लिए पुलिस को अदालत से दो दिन की अतिरिक्त रिमांड मिल गई है। अब टंडन दंपती कल 25 नवंबर तक पुलिस हिरासत में रहेंगे। पुलिस इस दौरान ठगी से जुड़े मामलों के अलावा उनकी अन्य गतिविधियों और संपत्तियों से संबंधित जानकारियां जुटाने में लगी है।दरअसल, पहले मिली पुलिस रिमांड की अवधि समाप्त होने पर रविवार को दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया था। पुलिस की ओर से आगे पूछताछ की जरूरत बताने के बाद कोर्ट ने दो दिन की अतिरिक्त रिमांड मंजूर कर दी। अब जांच टीम दोनों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। बरखा टंडन से भी कथित ठगी के मामलों और अन्य गतिविधियों को लेकर जानकारी ली जा रही है।
अतिरिक्त रिमांड मिलने के बाद रविवार रात पुलिस आरोपी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन को लेकर तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित उसके होटल वेलकम श्री पहुंची। इस होटल से जुडे मामले में पांच एफआईआर दर्ज हैं। पुलिस ने जांच के तहत होटल के अलग-अलग कमरों और परिसर के भीतर संचालित स्पा सेंटर की बारीकी से तलाशी ली।इस कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर से शराब की बोतलें, सिगरेट, ग्राहकों से संबंधित डायरी, मोबाइल नंबर और कई अहम दस्तावेज बरामद किए गए। पुलिस इन सामग्रियों की जांच कर रही है, ताकि मामले से जुडे नए तथ्यों का पता लगाया जा सके।
दीपक टंडन के होटल में संचालित स्पा सेंटर का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें दीपक टंडन दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी इसी होटल में कई लोगों के ठहरने की व्यवस्था करता था। साथ ही आरोप लगाए जा रहे हैं कि यहां आने वाले लोगों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बनाए जाते थे।हालांकि, फोटो और वीडियो बनाए जाने से जुडे आरोपों की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। जांच एजेंसी इस पहलू समेत अन्य संदिग्ध गतिविधियों की पडताल कर रही है।
होटल में तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को जमीन से संबंधित कुछ दस्तावेज, डायरियां और अलग-अलग गाड़ियों के कागजात भी मिले हैं। एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि पुलिस टीम ने होटल वेलकम श्री के पूरे परिसर की जांच की है। इस दौरान बरामद दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों को जांच के दायरे में लिया गया है।पुलिस अब इन कागजातों के आधार पर संपत्तियों और वाहनों से संबंधित जानकारियां जुटा रही है। टंडन दंपती की रिमांड अवधि के दौरान पूछताछ और बरामद सामग्री की जांच से मामले में कई नए खुलासे होने की संभावना है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।