

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Villager brutally murdered on suspicion of practicing witchcraft; attacked with an iron rod and a wooden stool two suspects arrested.
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में अंधविश्वास ने एक ग्रामीण की जान ले ली। जादू-टोना करने के संदेह में दो लोगों ने 42 वर्षीय ग्रामीण पर लोहे के धारदार बंडे और लकड़ी के पीढ़े से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने जांच के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं।घटना बचेली थाना क्षेत्र के ग्राम दुगेली के धुरवापारा की है। पुलिस के अनुसार, आयतु राम कर्मा (42) की 21 नवंबर की रात हत्या कर दी गई थी। इस वारदात को गांव के ही लच्छू कर्मा (42) और मुद्दा कर्मा (30) ने अंजाम दिया था। दोनों को संदेह था कि आयतु राम जादू-टोना करता है। इसी अंधविश्वास के चलते उन्होंने उसकी हत्या की साजिश रची और हमला कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने आयतु राम पर लोहे के धारदार बंडे और लकड़ी के पीढ़े से हमला किया था। उसके चेहरे, सीने और पीठ पर कई वार किए गए। गंभीर चोटों के कारण ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी घटनास्थल से भाग निकले।
हत्या की सूचना मिलने के बाद बचेली पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया।विवेचना के दौरान पुलिस ने दुगेली के धुरवापारा में ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। इस दौरान कई लोगों ने लच्छू कर्मा और मुद्दा कर्मा पर हत्या में शामिल होने का संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने आयतु राम की हत्या करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया लोहे का धारदार बंडा बरामद किया गया। वहीं, घटनास्थल से लकड़ी का पीढ़ा भी जब्त किया गया है। पुलिस ने मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों के खिलाफ कार्रवाई पूरी की।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 23 नवंबर को लच्छू कर्मा और मुद्दा कर्मा को गिरफ्तार कर बचेली स्थित न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (JMFC) न्यायालय में पेश किया। अदालत के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में अंधविश्वास के चलते होने वाली हिंसक वारदातों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। केवल जादू-टोने के संदेह में किसी की जान ले लेना समाज के लिए चिंताजनक स्थिति है।