

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Case of buying and selling of newborn baby girls unearthed in Raipur; another accused arrested, 7 people in police custody so far.
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेन्द्र खेतान के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पहले गिरफ्तार की गई आरोपी कृतिका साहू ने एक नवजात बच्ची को जितेन्द्र खेतान के हाथों बेचा था। पुलिस ने बच्ची को भी बरामद कर बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया है। फिलहाल उसकी सुरक्षा और बेहतर देखभाल के लिए उसे मातृछाया में रखा गया है। इस नई गिरफ्तारी के साथ मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या सात हो गई है।
पुलिस के अनुसार, आजाद चौक थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 307/2026 की जांच के दौरान पहले गिरफ्तार महिला आरोपियों से पूछताछ की गई थी। इसी दौरान कृतिका साहू की भूमिका को लेकर अहम जानकारी मिली। पूछताछ में पता चला कि उसने एक नवजात बच्ची को जितेन्द्र खेतान को बेचा था।इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की मदद से जितेन्द्र खेतान की तलाश शुरू की। पहचान और भूमिका की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जितेन्द्र खेतान से नवजात बच्ची से संबंधित कानूनी दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को अपने संरक्षण में लेकर बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया।बच्ची के भविष्य, सुरक्षा और देखभाल को प्राथमिकता देते हुए उसे मातृछाया में रखने की व्यवस्था की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची को खरीदने की प्रक्रिया में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
जांच के दौरान पुलिस को जितेन्द्र खेतान की कथित संलिप्तता से जुड़े कुछ और अहम सुराग मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, वह अन्य नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त में भी शामिल रहा है। इस गतिविधि को गीतिका नाग और कृतिका साहू के माध्यम से अंजाम दिए जाने की जानकारी सामने आई है।पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में लगी है। जांच का दायरा बढ़ाते हुए अन्य बच्चों की खरीद-बिक्री, आरोपियों के आपसी संपर्क और इस अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
इस मामले में पुलिस ने शुरुआत में तीन महिला आरोपियों कृतिका साहू, अहिल्या नामदेव और गीतिका नाग को गिरफ्तार किया था। इसके बाद विवेचना के दौरान डॉक्टर खिर सिंधु महानंद, प्रकाश कुमार कौरव और अश्वनी शर्मा की कथित भूमिका सामने आई। पुलिस ने तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया था।जांच में यह बात सामने आई थी कि आरोपी अस्पताल की मुहर का इस्तेमाल कर फर्जी डिस्चार्ज टिकट तैयार करते थे। इन दस्तावेजों के जरिए नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस अब इस पूरे फर्जीवाड़े में इस्तेमाल किए गए दस्तावेजों और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
कृतिका साहू (34 वर्ष), निवासी आमापारा रामकुंड, रायपुर।
अहिल्या नामदेव (40 वर्ष), निवासी सीतानगर गोगांव, रायपुर।
गीतिका नाग (36 वर्ष), निवासी स्टोर पारा पुरैना, भिलाई-3, जिला दुर्ग।
इसके बाद गिरफ्तार किए गए तीन आरोपी
डॉ. खिर सिंधु महानंद (45 वर्ष), निवासी मोतीलाल नगर कोटा, रायपुर।
प्रकाश कुमार कौरव (45 वर्ष), निवासी कपिस विहार, अमलीडीह, रायपुर।
अश्वनी शर्मा (38 वर्ष), निवासी रामकुंड विहार, रायपुर।
7. जितेन्द्र खेतान (36 वर्ष), पिता सज्जन खेतान, निवासी आशियाना अपार्टमेंट, कबीर नगर थाना, रायपुर।
जितेन्द्र खेतान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की उम्मीद है। खास तौर पर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अब तक कितने नवजात बच्चों की खरीद-बिक्री की गई और इस नेटवर्क में किन लोगों की भूमिका रही है। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से मिली जानकारी और बरामद साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच कर रही है।