

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: 5th Mini National Badminton Championship begins in Raipur; 250 players from 30 states to showcase their skills
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 5वीं मिनी राष्ट्रीय बैडमिंटन स्पर्धा का भव्य शुभारंभ हुआ। मोवा स्थित आईस्पोर्टज बैडमिंटन एरीना में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस चार दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने किया। प्रतियोगिता में देश के 30 राज्यों के 250 प्रतिभाशाली खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। शुभारंभ अवसर पर अरुण साव ने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त किया और उनके खेल अनुभवों तथा तैयारियों को लेकर चर्चा की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बैडमिंटन केवल शारीरिक क्षमता का खेल नहीं है, बल्कि इसमें धैर्य, एकाग्रता, चपलता, तेज नजर और तुरंत निर्णय लेने की क्षमता भी बेहद जरूरी होती है। खिलाड़ियों को पूरे अनुशासन और समर्पण के साथ मैदान में उतरना पड़ता है। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में मिलने वाली सीख जीवन में भी सफलता हासिल करने में मदद करती है। राष्ट्रीय स्तर की ऐसी प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को देशभर के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलता है।
अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। राज्य में खेल अधोसंरचना का विस्तार किया जा रहा है। इसी दिशा में साय सरकार ने बैडमिंटन स्टेडियम के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए सुविधाएं मिलें, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर सकें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। हाल ही में एशियन पैरा गेम्स-2026 में प्रदेश के अभिजीत सखूजा ने पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनकी इस उपलब्धि पर 31 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। यह खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
अरुण साव ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी ओलंपिक तक पहुंचें और देश के लिए पदक जीतें। इसके लिए खिलाड़ियों को हरसंभव प्रोत्साहन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह लगातार बढ़ रहा है और नई खेल प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन 'जो खेलेगा, वो खिलेगा' का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से खिलाड़ी अपना भविष्य संवारने के साथ-साथ देश और प्रदेश का नाम भी रोशन करते हैं।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिसोदिया, सचिव संजय मिश्रा, कोषाध्यक्ष संजय भंसाली, कविता दीक्षित, अनुराग दीक्षित सहित खेल अधिकारी, खिलाड़ी और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।