

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

1,600 kg of paneer seized in Raipur found to be substandard upon testing; samples from two brands showed low fat and high water content.
रायपुर। मध्यप्रदेश से रायपुर के रास्ते ओडिशा भेजी जा रही पनीर की बड़ी खेप खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरी नहीं उतरी। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की जांच में करीब 1600 किलो पनीर अमानक पाया गया है। विभागीय टीम ने 16 नवंबर को धनेली नाका पर दो वाहनों की जांच के दौरान यह खेप जब्त की थी। प्रयोगशाला की रिपोर्ट में दोनों ब्रांड के पनीर में निर्धारित मात्रा से कम मिल्क फैट और अधिक पानी होने की पुष्टि हुई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों से कुल 32 पेटियां पनीर बरामद की गई थीं। इनमें मैजिक मलाई फ्रेश पनीर की 14 और मिल्की मलाई पनीर की 18 पेटियां शामिल थीं। जब्त किए गए पनीर के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए थे। रिपोर्ट आने के बाद दोनों ब्रांड के उत्पाद निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं पाए गए।
लैब रिपोर्ट के मुताबिक, मैजिक मलाई फ्रेश पनीर में मिल्क फैट की मात्रा 17.55 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि पानी की मात्रा 55.9 प्रतिशत मिली। वहीं, मिल्की मलाई पनीर में फैट 27.2 प्रतिशत और पानी की मात्रा 51.5 प्रतिशत पाई गई।दोनों उत्पादों में मिल्क फैट निर्धारित स्तर से कम मिलने के कारण इन्हें अमानक घोषित किया गया है। दूसरे राज्यों से आने वाले खाद्य उत्पादों में इस तरह की खामियां सामने आने से उनकी गुणवत्ता और परिवहन के दौरान निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खडे हो रहे हैं।
राजधानी रायपुर में अमानक और प्रतिबंधित एनालॉग पनीर की आवक रोकने के लिए रेलवे स्टेशन पर लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। पहले दूसरे राज्यों से पनीर की खेप ट्रेनों के जरिए रायपुर पहुंचती थी। हालांकि, स्टेशन पर निगरानी और कार्रवाई तेज होने के बाद कारोबारियों ने अब सड़क मार्ग का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। वाहनों के जरिए बडी मात्रा में पनीर शहर तक पहुंचाया जा रहा है।
जनवरी से नवंबर के बीच खाद्य विभाग की ओर से कई बार कार्रवाई की गई है, लेकिन इसके बावजूद दूसरे राज्यों से अमानक पनीर की आपूर्ति पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए अब केवल रेलवे स्टेशन तक जांच सीमित रखने के बजाय शहर के सभी प्रवेश मार्गों पर निगरानी मजबूत करने की जरूरत है। सड़क मार्ग से आने वाले वाहनों की नियमित जांच ही ऐसी खेपों की आवाजाही पर प्रभावी अंकुश लगाने में मददगार हो सकती है।