

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A most-wanted Lashkar terrorist was hiding in a mosque; his refusal to surrender proved costly, and he was gunned down by security forces.
जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का मोस्ट वांटेड आतंकी लतीफ अहमद भट मारा गया है। बताया जा रहा है कि आतंकी एक मस्जिद में छिपा हुआ था। उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। जवानों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका भी दिया, लेकिन उसने सरेंडर करने के बजाय सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में जवानों ने उसे मार गिराया।
अधिकारियों के मुताबिक, लतीफ अहमद भट की तलाश में सुरक्षाबल रविवार दोपहर से ही अभियान चला रहे थे। सोमवार सुबह कुलगाम के लारू इलाके में अभियान के दौरान पुलिस के एक वाहन पर आतंकियों ने गोलीबारी कर दी। इसके बाद सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। अभियान में सीआरपीएफ और सेना के जवान भी शामिल हो गए।
इससे पहले सोमवार को हुई मुठभेड़ में लतीफ का साथी आतंकी नसीर डार मारा गया था। नसीर डार पर कुलगाम में सीआरपीएफ की टीम पर हुए हमले में शामिल होने का आरोप था। शुरुआती घेराबंदी के दौरान लतीफ भागने में सफल हो गया था, जिसके बाद सुरक्षाबलों ने उसकी तलाश तेज कर दी थी।
सीआरपीएफ नाका पार्टी पर हमले में था शामिल
लतीफ अहमद भट को सुरक्षाबल लंबे समय से तलाश रहे थे। आरोप है कि उसने 11 नवंबर को कुलगाम के अखरन इलाके में आतंकी उमर निसार के साथ मिलकर सीआरपीएफ के नाके पर गोलीबारी की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। वारदात के बाद दोनों आतंकी मौके से फरार हो गए थे। तभी से सुरक्षाबल उनकी तलाश में जुटे थे।
उमर निसार ने छह महीने तक दी थी पनाह
जांच में यह भी सामने आया था कि 16 नवंबर को मुठभेड़ में मारा गया आतंकी उमर निसार पिछले करीब छह महीने से लतीफ अहमद भट को पनाह दे रहा था। दोनों साथ मिलकर इलाके में गतिविधियां संचालित कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के विश्लेषण से दोनों आतंकियों की गतिविधियों का खुलासा हुआ। फुटेज में सामने आया कि 10 नवंबर को दोनों ने कुलगाम के मीर बाजार, अखरन, हबलिश और किलम इलाके में घूमकर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के संभावित स्थानों की रेकी की थी।
बताया गया कि हमले से पहले दोनों ने वारदात को अंजाम देने के स्थान और वहां से भागने के रास्तों की भी पहचान कर ली थी। फिलहाल सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को कुलगाम में सक्रिय आतंकी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।