

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A strong society is built only through service and dedication: Chief Minister Vishnu Deo Sai
रायपुर। राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अंत्योदय सेवा वंदन पर्व, ‘अनकही कहानियां’ सांस्कृतिक प्रस्तुति एवं वीरगाथा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान सेवा, समर्पण, साहस और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरक कहानियों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए मंच पर जीवंत किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवाभाव पर आधारित ‘नमो सेवा गाथा’ का भी मंचन हुआ।
मुख्यमंत्री ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों के साथ पुलिस, सेना, अर्धसैनिक बलों, नागरिक सेवाओं और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े सेवाभावी लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की सेवा में निष्ठापूर्वक योगदान देने वाले लोगों का सम्मान नई पीढ़ी को सेवा और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
अंत्योदय को बताया विकास यात्रा का आधार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अंत्योदय का भाव सरकार की विकास यात्रा का मूल आधार है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना तथा उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना सरकार की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ देश आगे बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ में भी इसी भावना के अनुरूप जनकल्याण और विकास के कार्यों को गति दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। स्वच्छता, स्वास्थ्य, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्यों में बढ़ती जनभागीदारी इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दे रही है।
लोककला और देशभक्ति की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
अंत्योदय सेवा वंदन पर्व में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति और देशभक्ति का संगम देखने को मिला। कलाकारों ने लोकगीत, जसगीत, भजन, राउत नाचा, पारंपरिक समूह नृत्य, बांसुरी वादन और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने लोकगीत और समूह नृत्य प्रस्तुत किए। वहीं दिव्यांग विद्यालय के बच्चों ने देशभक्ति समूह गीत प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
श्रम विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग सहित विभिन्न समूहों से जुड़े प्रतिभागियों ने भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। स्वच्छता के संदेश पर आधारित विशेष प्रस्तुति के जरिए स्वच्छ और स्वस्थ समाज का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी शमा अंजुम की मौजूदगी भी रही। ‘हमार संगी-साथी’ नुक्कड़ नाटक के जरिए सामाजिक संदेश दिया गया। वहीं ड्रोन दीदी अंजना दास ने अपने पुत्र के साथ ‘मेरी यशोदा मैया’ गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति दी।
रायपुर शहर के अलावा आरंग, अभनपुर, धरसींवा और खरोरा क्षेत्र से आए कलाकारों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने तीन नए नवाचारों का किया शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिला प्रशासन के तीन नवाचारों का शुभारंभ किया। इनमें ‘प्रोजेक्ट राहत’, ‘प्रोजेक्ट ध्वस्त’ और Advance AI-‘ताकत है MY’ शामिल हैं।
प्रोजेक्ट राहत के जरिए प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को आरबीसी 6(4) के तहत मिलने वाली राहत राशि की प्रक्रिया को तेज और प्रभावी बनाने की पहल की गई है। इसका उद्देश्य आपदा प्रभावित परिवारों तक समय पर सहायता पहुंचाना है।
वहीं प्रोजेक्ट ध्वस्त के तहत जिले में जर्जर और असुरक्षित भवनों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने की पहल की गई है। इससे संभावित दुर्घटनाओं को रोकने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
इसी तरह Advance AI-‘ताकत है MY’ के जरिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और जनोन्मुखी बनाने की पहल की गई है।
मुख्यमंत्री ने इन नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि तकनीक और नवाचार का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब आम नागरिकों को सुविधाएं तेजी और सरलता से मिलें। उन्होंने कहा कि सुशासन का अर्थ केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना भी है।
सेवा और समर्पण की कहानियों को बताया प्रेरणादायक
मुख्यमंत्री ने सम्मानित नागरिकों, जवानों, समाजसेवियों और कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उनकी सेवा, साहस और समर्पण की कहानियां समाज के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सेवा संकल्प अभियान से प्रदेश में जनसेवा और सामाजिक सहभागिता की भावना और मजबूत होगी।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री टंकराम वर्मा, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक अनुज शर्मा, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाजसेवी, कलाकार और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।