

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Big meeting in Delhi on Jheeram incident
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित झीरम नक्सल हमले को लेकर कांग्रेस अब आगे की कानूनी और राजनीतिक रणनीति पर चर्चा करने जा रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को झीरम हमले में मारे गए कांग्रेस नेताओं के परिजनों और पीड़ित परिवारों से दिल्ली में मुलाकात करेंगे। बैठक में हाल ही में आए NIA कोर्ट के फैसले, जांच से जुड़े सवालों और मामले को आगे ले जाने की रणनीति पर चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।
इस बैठक में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता दिल्ली रवाना हो चुके हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के दिल्ली पहुंचने की जानकारी दी गई है। वहीं कांग्रेस के नए प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत के भी बैठक में मौजूद रहने की बात कही गई है।
झीरम पीड़ित परिवारों से सीधे संवाद करेंगे राहुल गांधी
बताया गया है कि राहुल गांधी बैठक में झीरम हमले में दिवंगत नेताओं के परिवारों से सीधे संवाद करेंगे। इनमें तत्कालीन नेता प्रतिपक्ष महेन्द्र कर्मा, तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंदकुमार पटेल, कांग्रेस नेता उदय मुदलियार समेत हमले में जान गंवाने वाले अन्य नेताओं के परिवारों के सदस्य शामिल होंगे।
दिवंगत नंदकुमार पटेल के पुत्र और पूर्व मंत्री उमेश पटेल, उदय मुदलियार के बेटे जीतू मुदलियार तथा कर्मा परिवार के सदस्यों के अलावा राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम के भी बैठक में शामिल होने की जानकारी है।
धरसीवां की पूर्व विधायक अनीता योगेंद्र शर्मा भी दिल्ली रवाना हुई हैं। उन्होंने बताया कि झीरम प्रकरण पर चर्चा के लिए राहुल गांधी ने उन्हें दिल्ली बुलाया है।
NIA कोर्ट के फैसले पर कांग्रेस असंतुष्ट
कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक, पार्टी झीरम मामले में NIA कोर्ट के फैसले से संतुष्ट नहीं है। पार्टी ने इस फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती देने का फैसला किया है। बैठक में इसी कानूनी कार्रवाई को लेकर भी विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि झीरम हमले की जांच में कई महत्वपूर्ण पहलुओं को पूरी तरह सामने नहीं लाया गया। पार्टी की ओर से यह सवाल भी उठाया गया है कि हमले से जुड़े बताए जा रहे कई नक्सली बाद में आत्मसमर्पण कर चुके हैं, लेकिन उनसे पूछताछ किए जाने को लेकर सवाल बने हुए हैं।
लंबी कानूनी लड़ाई की तैयारी
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पार्टी झीरम मामले को लेकर आगे लंबी कानूनी लड़ाई लड़ने की तैयारी में है। राहुल गांधी ने भी मामले से जुड़ी प्रारंभिक जानकारी ली है। अब पीड़ित परिवारों से बातचीत के बाद आगे की रणनीति तय किए जाने की बात कही जा रही है।
बैठक में झीरम हमले की जांच, NIA कोर्ट के फैसले, हाईकोर्ट में चुनौती और जांच से जुड़े अनुत्तरित सवालों पर चर्चा हो सकती है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी इस मामले को लेकर पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया को लेकर सामूहिक निर्णय लिया जाएगा।
27 सितंबर को रायपुर लौटेंगे नेता
दिल्ली में होने वाली बैठक के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेता 27 सितंबर को रायपुर लौटेंगे। बैठक को झीरम मामले में कांग्रेस की आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से NIA कोर्ट के फैसले के बाद पार्टी की ओर से हाईकोर्ट का रुख किए जाने की तैयारी के बीच राहुल गांधी और पीड़ित परिवारों की यह मुलाकात अहम मानी जा रही है।