

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Vijay Sharma Angan Milan Seva
कवर्धा। कबीरधाम जिले के जिला मुख्यालय कवर्धा स्थित दर्रीपारा आंगनबाड़ी केंद्र में शुक्रवार को ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्र का माहौल बच्चों की मासूमियत, महिलाओं की प्रतिभा और आत्मीयता से भरा नजर आया।

कार्यक्रम में जब दो-तीन साल के नन्हे बच्चे हाथों में फूल और अपनी बनाई हुई चित्रकारी लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के स्वागत के लिए पहुंचे तो माहौल बेहद भावुक और अपनापन भरा हो गया। बच्चों ने उन्हें फूल भेंट किए। इसके बाद विजय शर्मा बच्चों के बीच पहुंचे और उनके साथ सहजता से बातचीत की। उन्होंने कुछ बच्चों को गोद में उठाया, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उन्हें खिलौने व चॉकलेट भी दिए।

विजय शर्मा ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र में आकर उन्हें बिल्कुल घर जैसा माहौल महसूस हुआ। बच्चों की मासूमियत और उत्साह देखकर मन प्रसन्न हो गया।
नन्हे हाथों की चित्रकारी ने खींचा ध्यान
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा बनाई गई चित्रकारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विजय शर्मा ने बच्चों की पेंटिंग्स को देखा और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। एक बच्चे की बनाई तस्वीर में सैनिक, भगवान शंकर और तिरंगे को देखकर उन्होंने बच्चों की सोच और कल्पनाशीलता की तारीफ की।

उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में बच्चे जिस तरह अपनी सोच को चित्रों के माध्यम से व्यक्त कर रहे हैं, यह सराहनीय है। बच्चों की चित्रकारी देखकर उन्होंने अपने बचपन को भी याद किया। उन्होंने बच्चों, माताओं, अभिभावकों और महिला एवं बाल विकास विभाग को शुभकामनाएं दीं।
महतारी वंदन की राशि से बेटियों के भविष्य की तैयारी
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने महिलाओं से ‘महतारी वंदन योजना’ से मिलने वाली राशि के उपयोग को लेकर भी जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि वे योजना की राशि का उपयोग अपनी बेटियों के भविष्य और परिवार की जरूरतों के लिए कर रही हैं।
कुछ महिलाओं ने बताया कि वे राशि को सुकन्या समृद्धि योजना, नोनी सुरक्षा योजना सहित अन्य योजनाओं और भविष्य की जरूरतों में लगा रही हैं।

विजय शर्मा ने कहा कि जब आर्थिक सहायता माताओं के हाथ में पहुंचती है तो उसका उपयोग परिवार के हित में होता है। कई माताएं इस राशि को अपनी बेटियों के भविष्य के लिए जमा कर रही हैं, जबकि कुछ परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने में इसका इस्तेमाल कर रही हैं। उन्होंने इसे महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और परिवार के भविष्य को मजबूत करने वाला उदाहरण बताया।
रंगोली, मेहंदी और पारंपरिक व्यंजनों में दिखी महिलाओं की प्रतिभा
‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं महिलाओं के लिए रंगोली, मेहंदी और पारंपरिक व्यंजन प्रतियोगिताएं भी रखी गईं। महिलाओं ने इन प्रतियोगिताओं में उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी कला एवं पारंपरिक हुनर का प्रदर्शन किया।

उप मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिताओं और प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने महिलाओं की बनाई रंगोली, मेहंदी और पारंपरिक व्यंजनों को देखा और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग उपयोगी कार्यों और भविष्य की योजनाओं में करने वाली माताओं को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
लाभार्थी लक्ष्मी साहू और नंद रानी साहू ने महतारी वंदन योजना से मिले सहयोग और उसके उपयोग को लेकर अपने अनुभव साझा किए।
‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्र को केवल बच्चों की देखभाल और पोषण तक सीमित न रखते हुए बच्चों, माताओं, अभिभावकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के बीच संवाद और सहभागिता का मंच बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बच्चों की मुस्कान, उनकी चित्रकारी और महिलाओं की प्रतिभा मुख्य आकर्षण रही।