

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Recruitment process for 6,812 teaching posts in Chhattisgarh accelerates; exams to begin in October.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के शासकीय और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया तेज हो गई है। प्रदेश में कुल 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। इनमें शासकीय विद्यालयों के 5,000 नियमित पद और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों के 1,812 संविदा (शैक्षणिक) पद शामिल हैं।
लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय विद्यालयों में 5 हजार नियमित शिक्षकीय पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से आयोजित की जाएगी। भर्ती में सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता और सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के पद शामिल हैं।
नियमित भर्ती के तहत सहायक शिक्षक के 2,292, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के 200, शिक्षक के 1,654 और व्याख्याता के 854 पद शामिल हैं। इनमें ई संवर्ग के 2,227 और टी संवर्ग के 2,773 पद हैं।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार सहायक शिक्षक पद के लिए लिखित परीक्षा 11 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। इसके बाद शिक्षक पद की परीक्षा 25 अक्टूबर 2026 और व्याख्याता पद की परीक्षा 29 नवंबर 2026 को होगी।
वहीं, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के 200 पदों के लिए परीक्षा की तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है।
सहायक शिक्षक और शिक्षक पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित करने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं, व्याख्याता पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शीघ्र शुरू होने की जानकारी दी गई है।
इसके अलावा स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में 1,812 संविदा (शैक्षणिक) पदों पर पहली बार केंद्रीयकृत कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी।
इन पदों की भर्ती अधिसूचना सितंबर 2026 में जारी की जा रही है। इसके बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया अक्टूबर से शुरू करने की तैयारी है।
प्रदेश के शासकीय विद्यालयों और स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में हजारों शिक्षकीय पदों पर भर्ती की यह प्रक्रिया शिक्षा व्यवस्था में रिक्त पदों को भरने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नियमित और संविदा भर्ती को मिलाकर कुल 6,812 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।