

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Congress protest in Raipur; party workers broke through barricades to reach the area outside the Election Office and burned an effigy of the CEC.
रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को शहर जिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। लगातार बारिश के बीच कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के पुतले को सैंडिल से मारने के बाद उसका दहन किया। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने निर्वाचन कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए बैरिकेडिंग की थी।
पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों को निर्वाचन कार्यालय तक पहुंचने से रोकने के लिए कई स्तर पर बैरिकेड लगाए गए थे। हालांकि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तीन बैरिकेड तोड़ दिए और कार्यालय के करीब पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झूमाझटकी की स्थिति भी बनी।
कांग्रेस नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग पर सवाल उठाए। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूचियों में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि कई मतदाताओं के नाम कथित तौर पर अवैध तरीके से हटाए गए और नए नाम जोड़े गए हैं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। पार्टी नेताओं का आरोप है कि निर्वाचन आयोग सत्ताधारी पार्टी के इशारे पर काम कर रहा है। कांग्रेस ने इन आरोपों के साथ मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग से मतदाता सूची में हुई कथित गड़बड़ियों की जांच कराने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसी मांग को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने बारिश के बीच सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया।