

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Bilaspur Municipal Corporation employee arrested for accepting a bribe of ₹10,000; ACB caught him red-handed.
बिलासपुर। नगर निगम की संपदा शाखा में लीज नवीनीकरण के काम के एवज में रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने शुक्रवार को ट्रैप कार्रवाई करते हुए नगर निगम के सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मामला राजकिशोर नगर से जुड़ा है।
जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर निवासी अजीत शुक्ला ने एक मकान खरीदने का सौदा किया था। मकान की लीज अवधि समाप्त हो चुकी थी। रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करने से पहले लीज का नवीनीकरण कराना जरूरी था।
इसी सिलसिले में शिकायतकर्ता ने विक्रेता की ओर से जुलाई 2026 में नगर निगम की संपदा शाखा में लीज नवीनीकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था।
आवेदन के बाद अजीत शुक्ला लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया की जानकारी लेने नगर निगम कार्यालय पहुंचे। आरोप है कि संपदा शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी लक्ष्मीकांत कोका ने काम जल्द कराने के एवज में उनसे 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। इसके बाद उसने आरोपी कर्मचारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़वाने के लिए ACB बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने पहले मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद टीम ने आरोपी कर्मचारी को पकड़ने के लिए ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की।
शुक्रवार 25 सितंबर 2026 को निर्धारित कार्रवाई के दौरान ACB की टीम ने लक्ष्मीकांत कोका को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
ACB ने कार्रवाई के बाद आरोपी लक्ष्मीकांत कोका को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। ACB की इस कार्रवाई के बाद नगर निगम की संपदा शाखा में रिश्वत मांगने के मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।