

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

A young man from Bilaspur, weighed down by debt, killed his mother, wife, and two children before committing suicide.
भोपाल। आर्थिक तंगी और भारी कर्ज के दबाव में एक युवक ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर निवासी 35 वर्षीय नरेंद्र साहू ने अपनी मां, पत्नी और दो मासूम बच्चों की हत्या करने के बाद खुद भी ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवक पर करीब 30 से 40 लाख रुपये का कर्ज था। कर्ज चुकाने में लगातार नाकाम रहने के कारण वह मानसिक तनाव में था।
पुलिस के अनुसार, नरेंद्र ने रात के समय घर में सो रहे परिजनों पर पहले हथौड़े से सिर पर वार किया। इसके बाद चाकू से उनका गला काट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद वह घर से करीब दो किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर पहुंचा और ट्रेन की चपेट में आकर अपनी जान दे दी।
परिजनों के मुताबिक, नरेंद्र पर साहूकारों और अन्य लोगों का करीब 30 से 40 लाख रुपये बकाया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपना मकान और गाड़ियां तक बेच दी थीं। इसके बावजूद आर्थिक परेशानी कम नहीं हुई। उसने होटल का कारोबार भी बंद कर दिया और सीहोर जिले के आष्टा स्थित एक रिसोर्ट में रसोइये की नौकरी करने लगा। हालांकि, करीब 15 दिन पहले उसने यह नौकरी भी छोड़ दी थी।
नरेंद्र की बहन मधु के अनुसार, वह पिछले कुछ समय से काफी तनाव में था। परिवार को उसकी आर्थिक परेशानियों की जानकारी थी, लेकिन स्थिति इतनी भयावह हो जाएगी, इसका अंदाजा किसी को नहीं था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नरेंद्र ने किन लोगों से और कितनी रकम उधार ली थी।
नरेंद्र मूल रूप से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर का रहने वाला था। भोपाल में वह मालीखेड़ी स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना की एलआईजी कॉलोनी में किराये के मकान में परिवार के साथ रह रहा था। सोमवार सुबह उसके बहनोई दीपक को फोन कर सूखी सेवनिया रेलवे ट्रैक के पास बुलाया गया। वहां पहुंचने पर उन्हें नरेंद्र का शव मिला।इसके बाद जब परिजन घर पहुंचे तो वहां का दृश्य भयावह था। बाहरी कमरे में दादी और पोती के शव मिले, जबकि अंदर के कमरे में मां और बेटे मृत अवस्था में पड़े थे। घटनास्थल पर खून से सना चाकू, हथौड़ा, आम के जूस के पैकेट और कांच की बोतलें भी बरामद हुईं।
घटनास्थल पर मिले जूस के पैकेट और बोतलों को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले नरेंद्र ने परिवार के सदस्यों को कोई नशीला या जहरीला पदार्थ दिया होगा। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।डीसीपी आदर्शकांत शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से मिले सामान को जांच के लिए लिया है। नरेंद्र के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। पुलिस कर्ज के स्रोत, आर्थिक लेनदेन और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है, ताकि इस सामूहिक हत्याकांड की पूरी वजह सामने आ सके।