

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: ACB takes major action in Raipur RTO, data entry operator arrested red-handed while taking bribe
रायपुर। राजधानी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने आरटीओ कार्यालय में पदस्थ एक डाटा एंट्री ऑपरेटर को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नाम ट्रांसफर के बदले मांगी थी रिश्वत
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शोभा राम देवांगन के रूप में हुई है, जो आरटीओ कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि उसने एक फाइनेंस कंपनी की गाड़ी का नाम ट्रांसफर करने के एवज में 15 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी।
शिकायत पर ACB ने रचा ट्रैप
शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए मामले की शिकायत ACB से की। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने ट्रैप प्लान तैयार किया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को आरोपी के पास भेजा गया।
14 हजार लेते ही दबोचा गया आरोपी
जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 14 हजार रुपए की रिश्वत राशि स्वीकार की, पहले से मौजूद ACB टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। यह कार्रवाई आरटीओ कार्यालय परिसर में ही की गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ACB कार्यालय ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अन्य संलिप्तता की भी जांच
ACB ने संकेत दिए हैं कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। यदि जांच में और नाम सामने आते हैं, तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।