

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Jaundice outbreak in township; 10 children affected, one critical; health department on alert
भिलाई। टाउनशिप क्षेत्र में डेंगू और डायरिया के बाद अब पीलिया ने भी पैर पसार लिए हैं। सेक्टर-7 के स्ट्रीट नंबर 37 और 38 स्थित एचएससीएल आवासों में रहने वाले 10 बच्चे इस बीमारी की चपेट में आ गए हैं। इनमें से तीन परिवारों के पांच बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे आईसीयू में रखा गया है। सभी मरीजों का इलाज शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग का सर्वे, सीमित मामलों की पुष्टि
स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिलने के बाद स्ट्रीट 37 ए के 25 घरों का सर्वे कराया गया, जिसमें चार लोगों में ही पीलिया की पुष्टि हुई है। हालांकि स्थानीय स्तर पर संक्रमण का दायरा स्ट्रीट 37 ए से बढ़कर 37 बी, 37 सी, 38 ए और 38 बी तक फैलने की बात सामने आ रही है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे के अनुसार स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। लोगों से पानी उबालकर पीने और क्लोरीन की गोलियों का उपयोग करने की अपील की गई है।
पानी की जांच और पाइपलाइन सुधार
बीएसपी प्रबंधन ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र के घरों से पानी के नमूने एकत्रित किए गए हैं और उनकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। संभावित प्रदूषण को रोकने के लिए पाइपलाइन नेटवर्क का सर्वे कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई भी की गई है।
स्थानीयों का आरोप- शुरुआती लापरवाही
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि शुरुआती मामलों की जानकारी देने के बावजूद बीएसपी प्रबंधन और नगर निगम ने समय रहते ध्यान नहीं दिया। लोगों का कहना है कि सफाई और शुद्ध पेयजल की मांग को अनदेखा किया गया, जिससे स्थिति बिगड़ गई। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी बनाए हुए है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।