

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

AI Impact Summit at Bharat Mandapam: Chhattisgarh's stall became the center of attraction, showcasing information about the country's first AI data center park.
रायपुर। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में छत्तीसगढ़ द्वारा स्थापित स्टॉल देश-विदेश से आए निवेशकों, तकनीकी विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
“छत्तीसगढ़ ड्रिवन बाय इंटेलिजेंस” थीम पर आधारित इस स्टॉल में राज्य की उभरती कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) क्षमता, आधुनिक डिजिटल अधोसंरचना और निवेश संभावनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जा रहा है। डिजिटल प्रेजेंटेशन, सूचना पैनल और इंटरैक्टिव माध्यमों के जरिए छत्तीसगढ़ को एक उभरते टेक्नोलॉजी हब के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

नवा रायपुर में देश का पहला एआई डाटा सेंटर पार्क
स्टॉल में विशेष रूप से नवा रायपुर में स्थापित किए जा रहे देश के पहले एआई डाटा सेंटर पार्क की जानकारी प्रमुखता से दी जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में लगभग 1000 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव है और इसमें एक लाख तक ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) स्थापित करने की क्षमता विकसित की जाएगी।
यह परियोजना एआई आधारित सेवाओं, उच्च क्षमता डाटा प्रोसेसिंग और डिजिटल नवाचार को नई गति प्रदान करते हुए छत्तीसगढ़ को भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने में सहायक होगी।
मुख्यमंत्री साय ने जताया गर्व
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि एआई इम्पैक्ट समिट में छत्तीसगढ़ का स्टॉल आकर्षण का केंद्र बनना प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में एआई डाटा सेंटर पार्क की स्थापना से राज्य डिजिटल नवाचार और उच्च तकनीकी निवेश के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल प्रदेश के युवाओं के लिए नए अवसर सृजित करेगी, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देगी तथा छत्तीसगढ़ को डिजिटल क्रांति के अग्रणी राज्यों में स्थापित करेगी।
निवेशकों को दी जा रही नीति संबंधी जानकारी
स्टॉल पर औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के अंतर्गत एआई, रोबोटिक्स और उन्नत प्रौद्योगिकी क्षेत्रों के लिए उपलब्ध विशेष प्रोत्साहन, अनुदान और निवेश-अनुकूल वातावरण की जानकारी भी दी जा रही है।

राज्य में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, विकसित हो रहा नवा रायपुर स्मार्ट सिटी, बेहतर कनेक्टिविटी और उद्योग-हितैषी नीतियों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। अधिकारियों द्वारा निवेशकों को अधोसंरचना, निवेश अवसरों और नीतिगत प्रोत्साहनों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। समिट के दौरान कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ में एआई और डाटा सेंटर क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं में रुचि दिखाई है, जिससे राज्य के टेक्नोलॉजी और इनोवेशन इकोसिस्टम को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।