

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

AI and green energy to gain new momentum in Chhattisgarh; investment proposals worth ₹43,250 crore from Singapore... plans underway to set up a 100 MW data center.
रायपुर। डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में बडे निवेश की राह खुलती दिखाई दे रही है। सिंगापुर में आयोजित सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ यानी सिंग फोरम 2026 में राज्य को कुल 43,250 करोड रुपए के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। इस निवेश का बडा हिस्सा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित डेटा सेंटर और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च किया जाएगा।एनर्जी कैपिटल ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड ने छत्तीसगढ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए 41,750 करोड रुपए निवेश की प्रतिबद्धता जताई है। इसके अलावा सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड ने सौर ऊर्जा और बैटरी स्टोरेज से जुडे प्रोजेक्ट के लिए 1,500 करोड रुपए के निवेश का प्रस्ताव दिया है।
फोरम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया। इसी दौरान उन्होंने दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों को निवेश के लिए आमंत्रण पत्र सौंपे।एनर्जी कैपिटल ग्लोबल का प्रस्ताव छत्तीसगढ के डिजिटल क्षेत्र के लिए खास महत्व रखता है। 100 मेगावाट क्षमता वाला यह AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस मध्य भारत के प्रमुख AI इंफ्रास्ट्रक्चर केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।कंपनी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में ऑन-साइट स्वच्छ ऊर्जा से जुडे AI डेटा सेंटर के विकास और वित्तपोषण के क्षेत्र में काम करती है। सिंगापुर, भारत, मलेशिया, कजाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया में उसकी मौजूदगी है।
एनर्जी कैपिटल ग्लोबल के सीईओ स्टानिस्लाव बोरिसोव ने कहा कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए पर्याप्त ऊर्जा, भूमि और मजबूत नीतिगत समर्थन जरूरी है। कंपनी मध्य भारत में बडे AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस के विकास के साथ छत्तीसगढ में अंतरराष्ट्रीय पूंजी और विशेषज्ञता लाने की दिशा में काम करेगी।कंपनी की योजना डेटा सेंटर के संचालन के लिए छत्तीसगढ के इंजीनियरों को प्रशिक्षित करने की भी है। इससे निवेश के साथ स्थानीय स्तर पर तकनीकी कौशल और रोजगार के अवसर बढने की उम्मीद है।
डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ ग्रीन एनर्जी सेक्टर को भी सिंगापुर फोरम से बडा प्रस्ताव मिला है। सनस्ट्रीम ग्रीन एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड ने सौर ऊर्जा और उससे जुडे बैटरी स्टोरेज प्रोजेक्ट के लिए 1,500 करोड रुपए निवेश की इच्छा जताई है।ऊर्जा भंडारण की क्षमता बढने से नवीकरणीय ऊर्जा को अधिक प्रभावी तरीके से इस्तेमाल करने में मदद मिल सकती है। सौर ऊर्जा उत्पादन में दिन और रात के बीच होने वाले अंतर को बैटरी स्टोरेज के जरिए संतुलित किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इन निवेश प्रस्तावों को राज्य की नीतियों और आर्थिक संभावनाओं पर निवेशकों के भरोसे का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे निवेश विकसित छत्तीसगढ के लक्ष्य को आगे बढाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।मुख्यमंत्री के मुताबिक पिछले 18 महीनों में प्रदेश को करीब नौ लाख करोड रुपए के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। सरकार का जोर राज्य में उद्योग, तकनीक, ऊर्जा और डिजिटल क्षेत्र के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने पर है।
सिंग फोरम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ फायरसाइड चैट में भी हिस्सा लिया। इसका संचालन सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से किया गया।इस चर्चा में राज्यों की निवेश क्षमता, उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण और आर्थिक विकास से जुडे विषयों पर विचार साझा किए गए।
सिंगापुर यात्रा के अगले चरण में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 6 अक्टूबर को वहां की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में छत्तीसगढ में निवेश की संभावनाओं, नए प्रोजेक्ट और उद्योगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं पर चर्चा होने की उम्मीद है।सिंगापुर से मिले ताजा निवेश प्रस्तावों को देखा जाए तो छत्तीसगढ अब पारंपरिक उद्योगों के साथ AI, डेटा सेंटर, सौर ऊर्जा और बैटरी स्टोरेज जैसे तेजी से बढते क्षेत्रों में भी अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहा है।