

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Road development works worth over ₹101 crore approved in Dhamtari; the six projects include widening, strengthening, and a four-lane 'Gaurav Path'.
रायपुर। बरसात के बाद छत्तीसगढ़ में सड़क निर्माण कार्यों में तेजी लाने की तैयारी शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने धमतरी जिले में सड़क विकास से जुड़े 6 कार्यों के लिए कुल 101 करोड़ 23 लाख 55 हजार रुपए की निविदाओं को मंजूरी दी है। इनमें पांच प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के साथ आमदी नगर पंचायत में फोरलेन गौरव पथ और सौंदर्यीकरण का कार्य भी शामिल है।
लोक निर्माण मंत्री एवं उप मुख्यमंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद विभाग ने निविदाओं को स्वीकृति देते हुए धमतरी क्षेत्र के कार्यपालन अभियंता को चयनित ठेकेदारों और निर्माण एजेंसियों को कार्यादेश जारी कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
धमतरी जिले में स्वीकृत कार्यों के तहत कई महत्वपूर्ण मार्गों का उन्नयन किया जाएगा। इनमें मेघा रोड तिराहा-स्टेशन रोड-चरमुड़िया राष्ट्रीय राजमार्ग-30 मार्ग का 3.75 किलोमीटर चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण शामिल है। इसके लिए 14 करोड़ 45 लाख 12 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है।
इसी तरह पचपेड़ी-तर्रागोंदी-भेलवाकूदा-टिपानी-सेमरा (बी) मार्ग के 5 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 13 करोड़ 32 लाख 82 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
विभाग ने छाती-गागरा-कंडेल-देवपुर मार्ग के 9 किलोमीटर हिस्से के लिए 23 करोड़ 12 लाख 46 हजार रुपए और अर्जुनी-भानपुरी-तरसींवा-कुर्रा-अमलीडीह-हसदा सड़क के 10 किलोमीटर हिस्से के लिए 19 करोड़ 42 लाख 22 हजार रुपए की निविदा को मंजूरी दी है।
राजनांदगांव-गुंडरदेही-धमतरी-नगरी सिहावा-बोराई राज्य मार्ग के 23 किलोमीटर हिस्से में मजबूतीकरण और डामरीकरण का काम किया जाएगा। इसके लिए विभाग ने 11 करोड़ 70 लाख 83 हजार रुपए की निविदा स्वीकृत की है।
यह मार्ग क्षेत्र में आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। सड़क के मजबूतीकरण और डामरीकरण से यातायात सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
इसी राज्य मार्ग में आने वाले आमदी नगर पंचायत में 3.50 किलोमीटर लंबा फोरलेन गौरव पथ बनाया जाएगा। इसके साथ सड़क के सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा। इस परियोजना के लिए 19 करोड़ 26 लाख 10 हजार रुपए की निविदा मंजूर की गई है।
इससे आमदी क्षेत्र में सड़क की चौड़ाई बढ़ने के साथ यातायात व्यवस्था और शहर की सुंदरता में भी सुधार होने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग ने इन सभी निविदाओं को मंजूरी देते समय महत्वपूर्ण शर्त भी रखी है। अनुबंध करने से पहले ठेकेदारों से पूरी कार्यावधि के लिए प्रभावशील एपीएस (Additional Performance Security) की राशि की बैंक गारंटी प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
इसका उद्देश्य निर्माण कार्यों में ठेकेदारों की जवाबदेही सुनिश्चित करना और परियोजनाओं को निर्धारित शर्तों के अनुसार पूरा कराना है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने धमतरी क्षेत्र के कार्यपालन अभियंता को सभी अनुबंधित कार्यों के संपादन और पर्यवेक्षण में विभागीय मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत कार्यों को किसी अन्य एजेंसी या व्यक्ति को सबलेट नहीं किया जाए और कार्य संपादन के लिए पावर ऑफ अटॉर्नी को मान्य नहीं किया जाए।
उप मुख्यमंत्री ने सभी कार्यों को निर्धारित अनुबंधित समयावधि में पूरा करने के साथ ही प्रशासकीय स्वीकृति और उपलब्ध आबंटन की सीमा के भीतर अनुबंध के अनुसार कार्य कराने के निर्देश दिए हैं।