

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

State-level job fair in Chhattisgarh starts tomorrow; opportunities for employment- CM Sai to inaugurate.
रायपुर। नौकरी की तलाश कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। राजधानी रायपुर में कल 7 और 8 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में होने वाले इस रोजगार मेले में करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है। अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है।
रोजगार मेले का मुख्य कार्यक्रम 8 अक्टूबर को सुबह 10 बजे आयोजित होगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप, गुरु खुशवंत साहेब, राम विचार नेताम, दयाल दास बघेल, लखन लाल देवांगन, श्याम बिहारी जायसवाल, ओपी चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े, टंकराम वर्मा, राजेश अग्रवाल और गजेंद्र यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
राज्य स्तरीय रोजगार मेले का उद्देश्य प्रदेश के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मेले में अलग-अलग कंपनियों और प्रतिष्ठानों की ओर से करीब 9,449 पदों पर भर्ती के अवसर उपलब्ध कराए गए हैं।
अन्य कंपनियों से भी संपर्क किया जा रहा है, इसलिए रिक्त पदों की संख्या बढ़ने की संभावना है। स्थानीय कंपनियों के साथ राष्ट्रीय स्तर की निजी कंपनियों को भी इस रोजगार मेले में एक मंच पर लाया जा रहा है।
रोजगार मेले में 10वीं और 12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक के साथ MBA और MCA सहित स्नातकोत्तर योग्यताधारी युवाओं के लिए भी अवसर उपलब्ध हैं।
तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन और मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन जैसे पद शामिल हैं। इसके अलावा मैकेनिकल इंजीनियर और क्वालिटी इंस्पेक्टर के लिए भी रिक्तियां हैं।
कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर जैसे पदों के लिए भी युवा आवेदन कर सकते हैं।
इसके अलावा बैंकिंग, फाइनेंस और HR से जुड़े पद भी उपलब्ध हैं। स्वास्थ्य एवं देखभाल के क्षेत्र में नर्सिंग स्टाफ और केयरटेकर की जरूरत है, जबकि सुरक्षा क्षेत्र में गार्ड और सुपरवाइजर के पद हैं। परिवहन और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर जैसे पदों पर भी भर्ती होगी।
रोजगार मेले में क्वेस कॉर्प, रैंडस्टैड इंडिया, राजस्थान टेक्सटाइल मिल्स-सतलुज टेक्सटाइल्स, वर्द्धमान टेक्सटाइल्स, जेनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर और एयरटेल पेमेंट बैंक सहित कई कंपनियां शामिल होंगी।
इसके अलावा इंस्टाकार्ट, स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल, स्वतंत्र माइक्रोफिन, एनआईआईटी, आइसेक्ट, शांता टेक्नो, राजत इक्विपमेंट्स और फर्स्ट फ्लाई कॉर्पोरेट जैसी कंपनियां भी भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेंगी।
रोजगार मेले में आवेदन और चयन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ई-रोजगार पोर्टल का उपयोग किया जा रहा है। इच्छुक युवा erojgar.cg.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कर उपलब्ध रिक्तियों की जानकारी देख सकते हैं और अपनी योग्यता के अनुसार पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं।
पोर्टल के माध्यम से युवाओं को रोजगार मेले से पहले ही कंपनियों और उपलब्ध पदों की जानकारी मिल जाएगी। वहीं नियोजक अभ्यर्थियों की प्रोफाइल और आवेदन देखकर जरूरत के अनुसार उम्मीदवारों की प्रारंभिक सूची भी तैयार कर सकेंगे।
रोजगार मेले के दूसरे दिन 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित करेंगे।
कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास और उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। रोजगार मेले के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग के आंकड़ों के मुताबिक वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार मेलों और प्लेसमेंट कैंप के माध्यम से कुल 9,463 अभ्यर्थियों का चयन हुआ।
वित्त वर्ष 2024-25 में 311 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, दुर्ग एवं बिलासपुर में आयोजित रोजगार मेलों के जरिए 5,314 अभ्यर्थी चयनित हुए थे। वहीं 2025-26 में 245 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, बलौदाबाजार एवं दुर्ग में आयोजित रोजगार मेलों के माध्यम से 4,149 अभ्यर्थियों का चयन हुआ।
वित्त वर्ष 2026 में सितंबर तक प्रदेश में 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेले आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 8,878 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
रोजगार विभाग ने प्रदेश के युवाओं से राज्य स्तरीय रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है। युवाओं को सलाह दी गई है कि वे अपनी शैक्षणिक योग्यता, कौशल और रुचि के अनुरूप उपलब्ध पदों की जानकारी लेकर आवेदन करें।