

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Abhishek Sharma is suffering from a stomach infection and is doubtful for the T20I against Namibia.
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पेट में संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी तबीयत खराब होने के कारण नामीबिया के खिलाफ गुरुवार को खेले जाने वाले टी20 विश्व कप मैच में उनके खेलने पर संशय बना हुआ है।
सूत्रों के अनुसार, 25 वर्षीय अभिषेक पिछले दो दिनों से दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने बताया कि अभिषेक को पेट में संक्रमण की शिकायत है और बीमारी की सटीक वजह जानने के लिए कई चिकित्सकीय जांच की जा रही हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें अस्पताल से कब छुट्टी मिलेगी।
पिछले मैच में पहली गेंद पर हुए थे आउट
अभिषेक ने अमेरिका के खिलाफ मुंबई में खेले गए मुकाबले में पहली ही गेंद पर विकेट गंवा दिया था। इसके बाद वह मैदान पर नहीं उतरे और उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की थी।
पाकिस्तान मैच पर टीम की नजर
भारतीय टीम प्रबंधन की प्राथमिकता 15 फरवरी को कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाला अहम मुकाबला है। पाकिस्तान टीम अपने शुरुआती दोनों मैच जीत चुकी है, ऐसे में यह मैच भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पेट संक्रमण से खिलाड़ी की ताकत और सहनशक्ति प्रभावित हो सकती है। ऐसे में यह देखना होगा कि अभिषेक शुक्रवार को यात्रा करने, शनिवार को अभ्यास में भाग लेने और रविवार को मैच खेलने की स्थिति में होंगे या नहीं।
विकल्प के रूप में तैयार हो रहे संजू सैमसन
अभिषेक की फिटनेस को देखते हुए टीम प्रबंधन ने विकल्प भी तैयार रखना शुरू कर दिया है। संजू सैमसन ने मंगलवार को नेट्स में बल्लेबाजी अभ्यास किया और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक के साथ लंबा सत्र बिताया, जिससे संकेत मिल रहा है कि जरूरत पड़ने पर उन्हें मौका दिया जा सकता है।
हालांकि टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि अभिषेक शर्मा 15 फरवरी तक पूरी तरह फिट होकर टीम में वापसी कर सकते हैं। बताया गया है कि वह हाल ही में मुख्य कोच गौतम गंभीर के आवास पर आयोजित रात्रिभोज में शामिल हुए थे, लेकिन अस्वस्थ महसूस होने के कारण वह साथियों से पहले ही लौट गए थे।