

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Parliament News: Congress MPs abused the Speaker in the chamber, Kiren Rijiju targeted the opposition
नई दिल्ली। संसद के बजट सत्र के बीच लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में विपक्षी सांसदों के हंगामे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के 20 से 25 सांसद स्पीकर के चैंबर में घुस गए और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
स्पीकर के चैंबर में घुसने का आरोप
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि हंगामे के दौरान वह स्वयं भी मौके पर मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कई सांसद स्पीकर के चैंबर में पहुंचे और उनके साथ दुर्व्यवहार किया। रिजिजू ने कहा कि स्पीकर ओम बिरला शांत स्वभाव के व्यक्ति हैं, अन्यथा इस घटना पर कड़ी कार्रवाई हो सकती थी।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद नियमों के तहत चलती है और बिना चेयर की अनुमति के कोई भी सदस्य सदन में नहीं बोल सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सहित सभी सदस्य स्पीकर की अनुमति से ही अपनी बात रखते हैं। रिजिजू ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से राहुल गांधी को संसदीय मर्यादा समझाने की सलाह भी दी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं पर उकसाने का आरोप
केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे और वे सांसदों को उकसा रहे थे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों को राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल करना उचित नहीं है।
निलंबित सांसदों का निलंबन रहेगा बरकरार
इस बीच लोकसभा से निलंबित विपक्ष के आठ सांसदों का निलंबन वापस नहीं लेने का संकेत दिया गया है। गौरतलब है कि तीन फरवरी को कांग्रेस के सात और सीपीएम के एक सांसद को निलंबित किया गया था। अब उन सांसदों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है, जिन्होंने स्पीकर के चैंबर में हंगामा किया था।
स्पीकर घटना से आहत: रिजिजू
रिजिजू ने कहा कि इस घटना से स्पीकर ओम बिरला बेहद दुखी हैं। उन्होंने बताया कि स्पीकर ने इस मामले में नियमों के अनुसार निर्देश भी दिए थे, लेकिन उनका पालन नहीं किया गया। उन्होंने दोहराया कि संसद में सभी सदस्यों को नियमों और प्रक्रियाओं का पालन करना अनिवार्य है।