

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

CG News: Absconding accused arrested in Raipur bomb-making material case, police investigating network
रायपुर। राजधानी के रावाभाठा-खमतराई इलाके में बम बनाने की सामग्री मिलने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे आरोपी विनय देवांगन को पुलिस ने सुंदर नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक सामग्री किस उद्देश्य से जुटाई गई थी और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
घर में देसी बम बनाने की कर रहा था कोशिश
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने घर में देसी बम तैयार करने की कोशिश कर रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि उसका अपने रिश्तेदारों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद और गुस्से के चलते उसने विस्फोटक सामग्री जुटाई थी।
संदिग्ध बैग मिलने से मचा था हड़कंप
जानकारी के मुताबिक 8 मई को रावाभाठा वार्ड-13 इलाके में मितानिन पुष्पा साहू के घर से एक संदिग्ध बैग मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बैग की जांच की गई। जांच में बैग से तार, बैटरी, केमिकल से भरी दो बोतलें, वायर, डेटोनेटर और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई थी। इसके अलावा आरोपी के पास से पिस्टल भी मिली थी।
बीडीडीएस टीम ने की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल इलाके को घेर लिया था और बीडीडीएस (बम डिस्पोजल एंड डिटेक्शन स्क्वॉड) की टीम को बुलाया गया। बीडीडीएस की प्रारंभिक जांच में बरामद सामग्री में लो एक्सप्लोसिव इंटेंसिटी होने की पुष्टि हुई थी।
मध्यप्रदेश में छिपा था आरोपी
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर उसकी तलाश शुरू की। तकनीकी जांच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पता चला कि आरोपी मध्यप्रदेश में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
राजनीतिक परिवार से जुड़ा है आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी विनय देवांगन, बीरगांव निगम के महापौर नंदलाल देवांगन का साला बताया जा रहा है। उसका संबंध एक पार्षद परिवार से भी जुड़ा होने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।