

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh Housing Board's name changed, new logo design will get a prize of Rs 2.50 lakh
रायपुर। राज्य सरकार ने छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का नाम बदलकर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल कर दिया है। संस्था के नए स्वरूप और विस्तारित कार्यक्षेत्र को ध्यान में रखते हुए नया लोगो तैयार करने के लिए राज्यस्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के विजेता को 2.50 लाख रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
मंत्री ओपी चौधरी ने बताई नई भूमिका
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि हाउसिंग बोर्ड को नए स्वरूप में विकसित किया गया है। अब यह संस्था केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि व्यापक अधोसंरचना विकास परियोजनाओं को भी गति दे सकेगी।
विधानसभा में पेश हुआ था विधेयक
मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने जानकारी दी कि इस संबंध में विधेयक 17 मार्च 2026 को विधानसभा में प्रस्तुत किया गया था। इसके बाद राज्यपाल रमेन डेका की स्वीकृति 21 अप्रैल को मिली और 24 अप्रैल को अधिनियम का प्रकाशन छत्तीसगढ़ राजपत्र में किया गया।
रीब्रांडिंग और लोगो प्रतियोगिता के निर्देश
मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण की मौजूदगी में मंगलवार को समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी संभागीय, प्रक्षेत्रीय और वृत्त कार्यालयों में रीब्रांडिंग के लिए आवश्यक राशि जारी करने तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लोगो डिजाइन प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
कोई भी कर सकता है भागीदारी
लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में आम नागरिक, कलाकार, संस्थाएं, इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर, छात्र और अप्रवासी भारतीय भी भाग ले सकते हैं। प्रतिभागियों को नए नाम और अवधारणा के अनुरूप लोगो डिजाइन तैयार कर कॉन्सेप्ट नोट सहित आवश्यक जानकारी ई-मेल के माध्यम से भेजनी होगी।
20 मई तक भेज सकेंगे प्रविष्टियां
प्रतिभागियों को अपनी प्रविष्टि के साथ नाम, पता और आधार कार्ड नंबर देना अनिवार्य होगा। आवेदन भेजने की अंतिम तिथि 20 मई शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। प्रविष्टियां ई-मेल ceocghb@yahoo.com पर भेजी जा सकती हैं।