

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: First regular recruitment in Town and Country Planning Department, selection result released for 21 posts of Assistant Director (Planning)
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद पहली बार टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में सहायक संचालक (योजना) के 21 पदों पर नियमित भर्ती की गई है। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने आवास एवं पर्यावरण विभाग अंतर्गत आयोजित इस भर्ती परीक्षा का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया है।
नियोजित विकास की दिशा में बड़ा कदम
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह भर्ती केवल रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रदेश के सुव्यवस्थित, वैज्ञानिक और दूरदर्शी शहरी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक शहरों के निर्माण, पर्यावरणीय संतुलन और योजनाबद्ध विकास में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की भूमिका बेहद अहम है। नई नियुक्तियों से विभाग को युवा, प्रशिक्षित और ऊर्जावान अधिकारियों का सहयोग मिलेगा, जिससे प्रदेश के शहरों और कस्बों के विकास को नई गति मिलेगी।
युवाओं को मिलेंगे बेहतर अवसर
मंत्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को अधिकतम रोजगार उपलब्ध कराने और शासन-प्रशासन में योग्य प्रतिभाओं को अवसर देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि यह चयन प्रक्रिया सरकार की उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
अप्रैल में हुई परीक्षा, मई में इंटरव्यू
लोक सेवा आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार सहायक संचालक (योजना) पदों के लिए लिखित परीक्षा 5 अप्रैल 2026 को आयोजित की गई थी, जबकि साक्षात्कार 12 मई 2026 को संपन्न हुआ। लिखित परीक्षा और इंटरव्यू में प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की गई है।
चयनित अभ्यर्थियों को दी शुभकामनाएं
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने चयनित सभी अभ्यर्थियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश के नियोजित और संतुलित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि चयनित अधिकारी अपने ज्ञान, कौशल और समर्पण से छत्तीसगढ़ के विकास में उल्लेखनीय योगदान देंगे।