

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Absconding branch manager involved in Sahara India scam arrested in Raigarh; accused nabbed by police after 3 years.
रायगढ़। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली थाना पुलिस ने सहारा इंडिया निवेश धोखाधड़ी मामले में करीब तीन वर्षों से फरार चल रहे ब्रांच मैनेजर विजय कुमार शराफ (54) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को 20 जुलाई 2026 को कोतरारोड़ क्षेत्र से पकड़ा गया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में 29 सितंबर 2022 को शिकायतकर्ता विकास निगानिया ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सहारा इंडिया के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कंपनी की विश्वसनीयता और आरबीआई से अधिकृत होने का भरोसा दिलाकर वर्ष 2017 में शिकायतकर्ता, उनकी माता और पत्नी से विभिन्न योजनाओं में करीब 40 लाख रुपये का निवेश कराया। निवेश अवधि पूरी होने के बावजूद राशि वापस नहीं की गई।
जांच में सामने आया कि निवेशकों से सहारा इंडिया के नाम पर रकम जमा कराई गई, जबकि विभिन्न सहकारी समितियों के नाम से बॉन्ड जारी किए गए। पुलिस ने इसे सुनियोजित निवेश धोखाधड़ी का मामला बताया है।
जिला प्रशासन, बैंकों, मंत्रालयों और निवेशकों से प्राप्त दस्तावेजों की जांच में सहारा इंडिया समूह के कई वरिष्ठ अधिकारियों, शाखा प्रबंधकों, सेक्टर मैनेजरों और रीजनल अधिकारियों की संलिप्तता सामने आई। अब तक रायगढ़ समेत अन्य जिलों से मिली शिकायतों के आधार पर 3,848 निवेशकों से कुल 40 करोड़ 78 लाख 16 हजार 739 रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हो चुका है।
इस मामले में पुलिस पूर्व शाखा प्रबंधक ओम प्रकाश शर्मा, खरसिया के पूर्व शाखा प्रबंधक पुष्पेंद्र कुमार साहू, कंपनी डायरेक्टर करुणेश अवस्थी, सेक्टर मैनेजर अमृत लाल श्रीवास तथा सहारा इंडिया बिलासपुर के रीजनल मैनेजर रजनीष तिवारी को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान पेश कर चुकी है।
पुलिस के मुताबिक, विजय कुमार शराफ गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि वह अपने ससुराल कोतरारोड़ आया हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी से सहारा इंडिया कंपनी के कबीर चौक स्थित फ्रेंचाइजी कार्यालय के विकास एवं प्रशासन से संबंधित आदेश पत्र, कंपनी के एमओयू की प्रतियां, आई-कार्ड, नियुक्ति एवं कार्य आदेश से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों की जानकारी, जमीन संबंधी दस्तावेज तथा कथित धोखाधड़ी की रकम से खरीदी गई कार और मोटरसाइकिल जब्त की है।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले नए साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, एएसआई विल्फ्रेड मसीह एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।