

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Accused used to stalk lone women on a bicycle; police reveal he drowned the victim after raping her.
रायपुर। मुजगहन थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और एक अन्य महिला से मारपीट के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। जांच में सेजबहार निवासी देवेंद्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला का नाम सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था और साइकिल से उनका पीछा करता था।पुलिस का दावा है कि 21 जुलाई को न्यू स्वागत विहार के पास खाली प्लाट में पानी में मिला महिला का शव भी इसी आरोपी की करतूत का नतीजा था। आरोपी ने महिला से पहले मारपीट और दुष्कर्म किया, फिर गला दबाने के बाद उसका मुंह और नाक पानी में डुबो दिया। महिला की मौत के बाद वह उसका मोबाइल लेकर साइकिल से मौके से भाग गया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतका का मोबाइल, घटना में इस्तेमाल साइकिल और वारदात के समय पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।
21 जुलाई को न्यू स्वागत विहार के पास एक खाली प्लाट में जमा पानी में महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट, मुजगहन थाना पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीमों ने घटनास्थल की जांच की।महिला की बाईं आंख के ऊपर चोट तथा शरीर के अन्य हिस्सों पर खरोंच के निशान मिले थे। पोस्टमार्टम में भी चोट और खरोंच की पुष्टि हुई। चिकित्सकीय जांच में पानी में डूबने के कारण सांस रुकने से मौत होने की बात सामने आई।
5 अगस्त की रात सेजबहार निवासी एक महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। महिला के मुताबिक वह रात करीब 8:30 बजे घर लौट रही थी। बेकरी के पास पीछे से एक युवक आया और गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी देने लगा।आरोपी ने महिला को नाली में धक्का देकर गिराया और उसके साथ मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर वह वहां से भाग निकला। इस घटना ने पुलिस को महिला की हत्या के मामले की जांच में एक अहम कड़ी दी।
दोनों घटनाओं को जोड़कर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। आठ से अधिक टीमों ने घटनास्थल के साथ आसपास के रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल की। पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और वारदात के तरीके का तकनीकी विश्लेषण किया।इसके साथ ही पहले इसी तरह के अपराधों में शामिल रहे लोगों और हाल में जेल से बाहर आए संदिग्धों की जानकारी जुटाई गई। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया गया।इसी जांच के दौरान पुलिस को देवेंद्र कुमार साहू के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार देवेंद्र कुमार साहू के खिलाफ पहले भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज रहे हैं। वर्ष 2017 में मुजगहन थाने में उसके खिलाफ दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट और एससी, एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ था।इस मामले में अदालत ने उसे 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई थी। इसके अलावा वर्ष 2025 में टिकरापारा थाने में भी उसके खिलाफ मारपीट और महिला संबंधी धाराओं के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।