

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Adani Group gets major legal relief in US, stirred by the closure of all criminal cases
नई दिल्ली। अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी और उनके भतीजे सागर अदाणी को अमेरिका में बड़ी कानूनी राहत मिल गई है। अमेरिकी न्याय विभाग ने उनके खिलाफ चल रहे सभी आपराधिक मामलों को स्थायी रूप से बंद कर दिया है। इस फैसले के बाद न्यूयॉर्क में चल रहा हाई प्रोफाइल सिक्योरिटीज और वायर फ्रॉड केस भी पूरी तरह समाप्त हो गया है।
न्याय विभाग का बड़ा फैसला, अब दोबारा नहीं खुलेगा मामला
अमेरिकी अदालत में दाखिल दस्तावेजों के अनुसार न्याय विभाग ने स्पष्ट किया है कि विस्तृत समीक्षा के बाद अब इस मामले में आगे संसाधन खर्च करने का कोई आधार नहीं बचता। इसी के साथ अदालत ने भी आरोपपत्र को विद प्रेजुडिस खारिज कर दिया, जिसका अर्थ है कि यह मामला दोबारा नहीं खोला जा सकेगा। यह फैसला अदाणी समूह के लिए एक बड़ी कानूनी जीत माना जा रहा है।
2024 में लगे थे गंभीर आरोप, सौर परियोजनाओं से जुड़ा था मामला
यह पूरा विवाद वर्ष 2024 में सामने आया था, जब आरोप लगाए गए कि अदाणी समूह ने भारत में सौर ऊर्जा परियोजनाओं से जुड़े ठेके हासिल करने के लिए कथित रिश्वत योजना की जानकारी अमेरिकी निवेशकों से छिपाई गई। हालांकि जांच के दौरान अमेरिकी एजेंसियों को इन आरोपों के समर्थन में पर्याप्त सबूत नहीं मिले। साथ ही अमेरिका से सीधे जुड़े ठोस कानूनी लिंक भी स्थापित नहीं हो सके।
बचाव पक्ष ने उठाए मजबूत तर्क, अमेरिकी कानून की सीमा पर सवाल
अदाणी समूह की ओर से पेश कानूनी टीम ने दलील दी कि पूरा मामला भारत आधारित गतिविधियों से जुड़ा है और अमेरिकी प्रतिभूति कानून इस पर लागू नहीं होते। साथ ही यह भी कहा गया कि निवेशकों को किसी तरह का वित्तीय नुकसान नहीं हुआ और सभी दायित्व समय पर पूरे किए गए।
अन्य मामलों का भी निपटारा, समझौते के जरिए खत्म हुई जांचें
पिछले कुछ समय में अदाणी समूह से जुड़े अन्य अमेरिकी मामलों का भी समाधान हो गया है। अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग ने निवेशकों से जुड़ी जानकारी के मामलों को समझौते के जरिए समाप्त किया। इस प्रक्रिया में गौतम अदाणी ने 60 लाख डॉलर और सागर अदाणी ने 1.20 करोड़ डॉलर का भुगतान करने पर सहमति जताई, हालांकि दोनों ने किसी भी आरोप को स्वीकार नहीं किया।
इसी तरह अमेरिकी ट्रेजरी विभाग के ऑफिस ऑफ फॉरेन एसेट्स कंट्रोल ने ईरान से जुड़े एलपीजी आयात मामले को भी निपटा दिया। इसमें अदाणी एंटरप्राइजेज ने 27.5 करोड़ डॉलर के भुगतान और जांच में सहयोग के बाद समझौता किया।
कुल मिलाकर बड़ी राहत, अंतरराष्ट्रीय जांचों पर लगी पूर्ण विराम
लगातार चल रही जांचों और कानूनी प्रक्रियाओं के बाद अब अदाणी समूह के लिए यह फैसला एक बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है। अमेरिकी एजेंसियों द्वारा मामलों को बंद किए जाने के बाद समूह से जुड़े कई अंतरराष्ट्रीय विवादों पर भी विराम लग गया है।