

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Agra Mahakumbh-2026 kicks off in Ambikapur.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को अंबिकापुर में आयोजित दो दिवसीय ‘अग्र महाकुंभ-2026’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने अग्रवाल समाज की उद्यमिता, दानशीलता, परोपकार और समाजसेवा की परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की आर्थिक और सामाजिक प्रगति में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापार और व्यवसाय से आगे बढ़कर अग्रवाल समाज के उद्यमियों ने उद्योग स्थापित करने, रोजगार देने और जनसेवा के क्षेत्र में भी योगदान दिया है। उन्होंने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों का उल्लेख करते हुए सामाजिक समानता, सहयोग और सहभागिता को समाज की प्रगति का आधार बताया।
8.23 लाख करोड़ से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में सुरक्षित, पारदर्शी और उद्योग-अनुकूल वातावरण तैयार करने पर काम कर रही है। औद्योगिक नीति 2024-30 को रोजगार केंद्रित बनाया गया है, जिसमें सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों के साथ महिलाओं सहित विभिन्न वर्गों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। पर्यटन को भी उद्योग का दर्जा दिया गया है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ को अब तक 8.23 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
स्टार्टअप और निपुण मिशन के लिए 500 करोड़
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं में उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के लिए ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन’ को मंजूरी दी गई है। इसके लिए अगले पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
मिशन के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों में उद्यमिता विकास केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा 100 इमर्जिंग टेक्नोलॉजी लैब और 5 इंडस्ट्री सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना है। इससे युवाओं को तकनीक, कौशल, नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे।
निर्यात को बढ़ावा देने पर जोर
साय ने कहा कि सरकार ने छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 को भी मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य प्रदेश के छोटे उद्योगों, स्थानीय उत्पादों और मूल्य संवर्धित कृषि एवं औद्योगिक उत्पादों को देश-दुनिया के बड़े बाजारों से जोड़ना है।
उन्होंने सरगुजा क्षेत्र में पर्यटन, कृषि आधारित उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण और स्थानीय उत्पादों की संभावनाओं का भी उल्लेख किया। पर्यटन को उद्योग का दर्जा मिलने के बाद होटल, होम-स्टे और पर्यटन सेवाओं में निवेश एवं रोजगार के अवसर बढ़ने की बात कही।
महिलाओं और युवाओं की भागीदारी पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाएं आज व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग, स्टार्टअप और समाजसेवा समेत हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखा रही हैं। उनकी बढ़ती भागीदारी प्रदेश की आर्थिक प्रगति को नई ऊर्जा दे रही है।
उन्होंने युवाओं से नौकरी तलाशने तक सीमित न रहने और नए विचारों व उद्यमों के जरिए स्वयं आगे बढ़ने के साथ दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करने का आह्वान किया।
ट्रेड फेयर का शुभारंभ, ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन
अग्र महाकुंभ के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए ट्रेड फेयर का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन कर उद्यमियों से उनके उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी ली।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘अग्रकुल दर्शन’ पत्रिका का विमोचन भी किया। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को ‘दशम अग्र अलंकरण’ के माध्यम से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी संबोधित किया। उन्होंने अग्र महाकुंभ को सामाजिक उत्तरदायित्व, संगठन शक्ति और भविष्य की दिशा पर विचार करने का अवसर बताया।
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज, बसना विधायक संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री अमर अग्रवाल, कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल समेत देशभर से आए अग्रवाल समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।