

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Allegation of bribery against Naib Tehsildar in Kasdol; tractor owner attempts suicide by consuming poison.
कसडोल। बलौदाबाजार जिले के कसडोल क्षेत्र में एक ट्रैक्टर मालिक ने महिला नायब तहसीलदार पर रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि 50 हजार रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर उसके ट्रैक्टर को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया गया। इससे मानसिक रूप से परेशान होकर ट्रैक्टर मालिक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। फिलहाल उसका कसडोल के सरकारी अस्पताल में उपचार जारी है।
ट्रैक्टर मालिक कमल ओगरे का आरोप है कि गुरुवार सुबह सिनोधा क्षेत्र से एक ट्रैक्टर ईंट और दो ट्रैक्टर रेत लेकर आ रहे थे। इसी दौरान महिला नायब तहसीलदार आकांक्षा तिवारी ने एक कोटवार के साथ कार्रवाई करते हुए वाहनों को रोक लिया। कमल का कहना है कि एक रेत से भरे ट्रैक्टर को छोड़ दिया गया, जबकि अन्य वाहन जब्त कर लिए गए।उन्होंने आरोप लगाया कि वाहन छोड़ने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई। रकम नहीं देने पर ट्रैक्टर को थाने में खड़ा करवा दिया गया, जिससे वह तनाव में आ गए और जहरीला पदार्थ खा लिया।
जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद परिजनों ने कमल ओगरे को तत्काल कसडोल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
क्षेत्र में इन दिनों प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बड़ी संख्या में मकानों का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण सामग्री पहुंचाने के लिए स्थानीय ट्रैक्टर मालिक महानदी से रेत का परिवहन कर रहे हैं। इसी दौरान यह विवाद सामने आया।
फिलहाल रिश्वत मांगने के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत बयान सामने आना बाकी है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।