

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Allegations of cruelty against innocent children at a daycare center; incidents include putting children in a washing machine and tormenting them with a toilet spray jet.
बेंगलुरु। देश की आईटी राजधानी बेंगलुरु से बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ब्रुकफील्ड स्थित एक निजी डेकेयर सेंटर की पांच महिला कर्मचारियों पर दो से तीन साल के मासूम बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार करने का आरोप लगा है। आरोप है कि रोते हुए बच्चों को चुप कराने के लिए उन्हें वॉशिंग मशीन के अंदर बैठाया जाता था और उनके मुंह पर टॉयलेट जेट स्प्रे से पानी छोड़ा जाता था।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब डेकेयर से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप पर वायरल हुए। इसके बाद मामले की शिकायत चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस तक पहुंची। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
राज्य सरकार के एक कर्मचारी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मंजुला, विजयलक्ष्मी, भवानी, सिंधु और बिंदु नामक पांच महिला कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन पर डेकेयर में मौजूद बच्चों के साथ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
एफआईआर के अनुसार, आरोपी कर्मचारियां बच्चों को डराने के लिए उन्हें जबरन वेस्टर्न टॉयलेट सीट पर बैठाती थीं और कई बार लंबे समय तक बाथरूम में बंद रखकर चुप रहने के लिए धमकाती थीं। शिकायत के साथ पुलिस को चार वीडियो और कुछ तस्वीरें भी सौंपी गई हैं, जिनमें बच्चे भय और दर्द से रोते हुए दिखाई दे रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो डेकेयर की एक पूर्व कर्मचारी ने रिकॉर्ड किए थे। बताया जा रहा है कि उसकी एक सहेली को पिछले महीने नौकरी से निकाल दिया गया था, जिसके बाद यह मामला सामने आया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने डेकेयर सेंटर के सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर लिए हैं और उनकी जांच की जा रही है।
इस घटना ने कामकाजी अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है, जो अपने छोटे बच्चों को सुरक्षित समझकर डेकेयर सेंटर में छोड़ते हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।