

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Alleged gang involved in the buying and selling of newborns uncovered in Raipur; 3 women arrested
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात बच्चों की कथित खरीद-फरोख्त से जुड़े गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने तीन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अहिल्या नामदेव, दीपिका नाग और कृतिका साहू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गिरोह की सदस्य महिलाओं को बच्चा बिकवाने का झांसा देती थीं और इसके लिए फर्जी दस्तावेज भी तैयार कराए जाते थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी कृतिका साहू ने ओडिशा की एक महिला को बच्चा बिकवाने का झांसा दिया था। महिला को रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में रखा गया था। आरोप है कि कृतिका ने महिला के प्रसव का खर्च भी उठाया था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की अन्य कड़ियों को खंगाल रही है।
कृतिका के पास मिले कई बच्चों के फोटो, 20 फर्जी जन्म प्रमाण पत्र बरामद
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी कृतिका साहू के पास कई बच्चों के फोटो मिले हैं। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 20 कथित फर्जी जन्म प्रमाण पत्र भी बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि इन दस्तावेजों का इस्तेमाल बच्चों की पहचान और जन्म से जुड़ी जानकारी में हेरफेर करने के लिए किया जाता था।
दो अस्पतालों की भूमिका भी संदेह के घेरे में
इस मामले में दो अस्पतालों की भूमिका भी संदेह के दायरे में बताई जा रही है। पुलिस अस्पतालों से जुड़े दस्तावेजों और प्रसव संबंधी रिकॉर्ड की जांच कर रही है। गिरफ्तार महिलाओं से पूछताछ के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कथित नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और अब तक कितने बच्चों की खरीद-फरोख्त की गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।