

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

mahadev betting app case shubham soni nbw ed raipur
रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में फरार चल रहे शुभम सोनी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) की विशेष अदालत ने शुभम सोनी के खिलाफ गैर जमानती वारंट (NBW) जारी किया है। ईडी ने उसे महादेव बेटिंग ऐप मामले के प्रमुख आरोपियों और मास्टरमाइंड में शामिल बताया है।
दरअसल, नवंबर 2023 में शुभम सोनी का एक वीडियो सामने आया था, जिसने पूरे मामले को लेकर सियासी और प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी थी। वीडियो में शुभम सोनी ने खुद को महादेव बेटिंग ऐप का असली मालिक बताया था। उसने दावा किया था कि साल 2021 में भिलाई से इस ऐप की शुरुआत हुई थी और ऐप से जुड़े जरूरी दस्तावेज उसके नाम पर हैं।
वीडियो में शुभम सोनी ने यह भी दावा किया था कि तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कहने पर वह दुबई गया था। इसके साथ ही उसने प्रोटेक्शन मनी के रूप में 508 करोड़ रुपये पहुंचाए जाने का आरोप लगाया था। हालांकि, ये सभी उसके द्वारा लगाए गए दावे थे।
ED कर रही मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच
महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े पूरे मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से कर रहा है। जांच एजेंसी ने शुभम सोनी को इस मामले के प्रमुख आरोपियों में शामिल किया है। अब ईडी की विशेष अदालत से गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई तेज होने की संभावना है।
इस वारंट के बाद महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में आगे की जांच और कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।