

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Amid the success of 'Pritam & Pedro', Veer Hirani shares an emotional post, telling Arshad Warsi,
मुंबई। वीर हिरानी ने वेब सीरीज 'प्रीतम एंड पेड्रो' से अपना यादगार एक्टिंग डेब्यू किया है। रिलीज के बाद से ही सीरीज को दर्शकों और समीक्षकों का शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है। अपनी सहज स्क्रीन प्रेजेंस, नैचुरल परफॉर्मेंस और दमदार अभिनय के दम पर वीर ने खुद को एक उभरते हुए कलाकार के रूप में स्थापित किया है।
सीरीज में अरशद वारसी ने मजाकिया और दिल जीत लेने वाले 'पेड्रो' का किरदार निभाया है, जबकि वीर 'प्रीतम' के रोल में नजर आए हैं। दोनों कलाकारों की शानदार केमिस्ट्री, मजेदार नोकझोंक और गहरी दोस्ती दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। पर्दे पर दिखाई देने वाली यह बॉन्डिंग प्रमोशनल इवेंट्स के दौरान भी साफ नजर आई।
सीरीज को मिल रहे जबरदस्त प्यार के बीच वीर हिरानी ने सोशल मीडिया पर अरशद वारसी के लिए एक भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने अरशद को "डिअरेस्ट अरशद सर" कहते हुए अपने पहले प्रोजेक्ट के अनुभव साझा किए।
वीर ने लिखा कि पहला प्रोजेक्ट उनके लिए जितना रोमांचक था, उतना ही चुनौतीपूर्ण और डराने वाला भी। ऐसे समय में अरशद वारसी ने हर कदम पर उनका मार्गदर्शन किया, आत्मविश्वास बढ़ाया और कभी भी अपने योगदान का श्रेय लेने की कोशिश नहीं की।
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, "अपने पहले प्रोजेक्ट में कदम रखना रोमांचक था... लेकिन थोड़ा डराने वाला भी। ऐसे में आपका साथ होने से सब कुछ आसान हो गया। आपने हमेशा मेरा मार्गदर्शन किया, मेरा हौसला बढ़ाया और किसी तरह ऐसा महसूस कराया कि आपके हर सुझाव मेरे अपने ही विचार हैं। बिल्कुल पेड्रो स्टाइल... कभी भी उसका श्रेय खुद नहीं लिया।"
आखिर में वीर ने लिखा कि 'प्रीतम एंड पेड्रो' को आज दर्शकों का जो प्यार मिल रहा है, वह खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं क्योंकि उन्हें यह अपनापन अरशद वारसी से पहले दिन से ही मिलता रहा।
वीर हिरानी और अरशद वारसी की यह जोड़ी एक खास वजह से भी चर्चा में है। सालों पहले फिल्म 'मुन्ना भाई एमबीबीएस' में वीर ने अरशद वारसी के मशहूर किरदार 'सर्किट' के बेटे 'शॉर्ट सर्किट' का किरदार निभाया था। अब वर्षों बाद दोनों कलाकार 'प्रीतम एंड पेड्रो' में फिर एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आए हैं। इस वजह से फैंस इस सहयोग को एक खूबसूरत "फुल सर्कल मोमेंट" मान रहे हैं।
'प्रीतम एंड पेड्रो' एक मनोरंजक वेब सीरीज है, जिसमें साइबर क्राइम, कॉमेडी और थ्रिल का अनोखा मिश्रण देखने को मिलता है। सीरीज में विक्रांत मैसी, बोमन ईरानी और मोना सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं। इसका निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है, जबकि इसे राजकुमार हिरानी ने बनाया और प्रोड्यूस किया है। इस सीरीज के जरिए राजकुमार हिरानी ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपना पहला कदम रखा है। फिलहाल यह सीरीज जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हो रही है।