

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Amit Shah launched a scathing attack on the Mamata government, saying that the BJP government will be formed in Bengal in 2026.
कोलकाता। कोलकाता में कार्यकर्ता सम्मेलन को किया संबोधित केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीते बुधवार (31 दिसंबर 2025) को कोलकाता में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का लक्ष्य बंगाल में सरकार बनाना है। शाह ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भ्रष्टाचार, हिंसा, तुष्टीकरण और कुशासन के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश है, जो सत्ता परिवर्तन का संकेत दे रहा है।
अमित शाह ने कहा कि ममता बनर्जी के शासन में “मां, माटी और मानुष” तीनों ही असुरक्षित हैं। भर्ती प्रक्रियाओं से लेकर कल्याणकारी योजनाओं तक हर जगह भ्रष्टाचार फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि गरीबों, युवाओं और आम जनता में टीएमसी सरकार के खिलाफ गहरा असंतोष है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने पश्चिम बंगाल में अवैध घुसपैठ को देश की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टीकरण की राजनीति के चलते टीएमसी सरकार ने इस मुद्दे को पूरी तरह नजरअंदाज किया है। अमित शाह ने कहा कि घुसपैठिए बंगाल की अर्थव्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और संस्कृति पर बोझ बन चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने पर घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर किया जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि पहले वाम दलों और फिर तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल को पीछे धकेल दिया है। भाजपा का लक्ष्य राज्य को फिर से “सोनार बांग्ला” बनाना है। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा की जीत से केंद्र में भी अगले 25 वर्षों तक पार्टी को कोई चुनौती नहीं दे पाएगा।
कार्यकर्ता सम्मेलन में शाह ने कहा कि ममता बनर्जी चाहे जितना दबाव डालें या भाजपा कार्यकर्ताओं पर अत्याचार करें, बंगाल में बदलाव तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्रचंड जीत का आधार कार्यकर्ताओं का जनसंपर्क अभियान होगा।
अमित शाह ने कहा कि वर्ष 2016 से 2025 के बीच बंगाल में 300 से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपनी जान गंवाई है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि उनके बलिदान को सार्थक किया जाए और राज्य में परिवर्तन लाया जाए।
अपने संबोधन के अंत में गृह मंत्री ने दोहराया कि 2026 के विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनना तय है और इसके लिए पार्टी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी।