

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

BJP wins BMC seat after 44 years, Ritu Tawde becomes Mumbai's 78th Mayor
मुंबई। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई और देश की सबसे संपन्न महानगरपालिका बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में बुधवार को नया राजनीतिक इतिहास रच दिया गया। भाजपा की वरिष्ठ पार्षद रितु तावड़े निर्विरोध मुंबई की 78वीं महापौर चुनी गईं। इसके साथ ही 44 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद बीएमसी मुख्यालय के शीर्ष पद पर भाजपा की वापसी हुई है।
भाजपा की ओर से आखिरी बार वर्ष 1982-83 में डॉ. प्रभाकर पई मुंबई के महापौर बने थे। इसके बाद दशकों तक यह पद भाजपा के हाथ नहीं आया था। रितु तावड़े की जीत को पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
नगर निकाय के गलियारों में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल रहा, लेकिन शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस सहित विपक्षी दलों ने महापौर पद के लिए कोई उम्मीदवार मैदान में नहीं उतारा। ऐसे में रितु तावड़े का निर्वाचन औपचारिकता भर रह गया।
बीएमसी के नगर आयुक्त भूषण गगरानी ने आधिकारिक तौर पर रितु तावड़े के निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा की। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्षदों में उत्साह देखने को मिला।
इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी बीएमसी मुख्यालय में मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने रितु तावड़े को बधाई देते हुए उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।
रितु तावड़े के महापौर बनने से बीएमसी की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है और आने वाले समय में महानगरपालिका के प्रशासनिक फैसलों पर इसका असर दिख सकता है।